Agra News: शहर के शाहदरा क्षेत्र में बंदरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला शाहदरा की आदर्श गाली का है, जहां बुधवार दोपहर छत पर बाइकर बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे एक छात्र पर बंदरों ने अचानक हमला कर दिया। हमले में छात्र छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में खून का थक्का जम गया है, जबकि नाक और आंख में भी गंभीर चोट आई है। घायल छात्र का निजी अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है।
छत पर पढ़ाई कर रहा था छात्र, अचानक हुआ हमला
शाहदरा की आदर्श गली में मोहनलाल का दो मंजिला मकान बना हुआ है। इसी मकान की छत पर उनका बेटा कृष्णा, जो इंटरमीडिएट का छात्र है, बुधवार दोपहर लगभग ढाई बजे बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहा था। सर्दी और शोर से बचने के लिए छात्र छत पर बैठकर पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान पास की छत पर बैठे बंदरों के बीच अचानक लड़ाई शुरू हो गई। बंदरों की लड़ाई के दौरान एक बंदर अचानक छात्र कृष्णा की ओर दौड़ पड़ा और उस पर हमला कर दिया। हमले से छात्र का संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे पड़ोसी के मकान के छज्जे पर जा गिरा।
गिरते ही घर में मची अफरा-तफरी
छात्र के गिरते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में घायल छात्र को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। उसे नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालात गंभीर देखते हुए आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि छात्र के सिर में गंभीर चोट आई है और सिर में खून का थक्का ( ब्लड क्लॉट ) बन गया है।
बोर्ड परीक्षा पर पड़ा असर
परिजनों का कहना है कि छात्र की बोर्ड परीक्षा सिर पर है और इस हादसे से उसकी तैयारी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। डॉक्टरों ने फिलहाल छात्र को पूर्ण आराम की सलाह दी है। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि वह आगामी परीक्षाओं में शामिल नहीं हो पाएगा। डॉक्टरों ने बताया कि सिर की चोट को देखते हुए मानसिक दबाव से बचना जरूरी है। ज्यादा पढ़ाई या तनाव छात्र की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

मोहल्ले में बंदरों का बढ़ता आतंक
स्थानीय निवासियों ने बताया कि शाहदरा क्षेत्र में बंदरों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। आए दिन बंदर छतों पर बैठे लोगों पर हमला कर देते हैं। इसी डर के कारण अब लोग अपने मकानों की छतों पर जाना बंद कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि पिछले तीन महीनों में ही इलाके में आठ से दस लोगों को बंदर काट चुके हैं, जबकि कई लोग छत से कूदकर या गिरकर घायल हो चुके हैं। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
लोग छतों पर जाना छोड़ने को मजबूर
स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदरों के डर से बच्चों को छत पर खेलने नहीं भेजा जा रहा है। महिलाएं कपड़े सुखाने तक छत पर नहीं जा पा रही हैं। बुजुर्गों में खास डर बना हुआ है। कई लोगों ने छतों पर जाल और तार लगवाने शुरू कर दिए हैं, ताकि बंदर अंदर न आ सकें। निवासियों का कहना है कि जब भी कोई व्यक्ति छत पर दिखाई देता है, बंदर अचानक हमला कर देते हैं। कई बार तो झुंड में आकर लोगों को घेर लेते हैं, जिससे जान का खतरा बना रहता है।
Agra News: परिजनों की अपील
घायल छात्र के परिजनों ने प्रशासन से अपील की है कि इलाके में जल्द से जल्द बंदरों के आतंक से निजात दिलाई जाए, ताकि किसी और मासूम को इस तरह की दुर्घटना का शिकार न होना पड़े। उन्होंने कहा कि एक छात्र की मेहनत और भविष्य एक झटके में खतरे में पड़ गया है।
Agra News: आगरा में बंदरों का आतंक: छत पर कपड़े उतार रही महिला पर हमला, तीसरी मंजिल से गिरकर मौत






