---Advertisement---

Agra News: ग्राहक बनकर आए चोर 15 लाख की सोने की चेन ले उड़े, आगरा में 5 दिन बाद दर्ज हुई एफआईआर

Published On: February 7, 2026
Follow Us
Agra News: आगरा सराफा बाजार ज्वेलरी शॉप चोरी
---Advertisement---

Agra News: शहर के व्यस्त सराफा बाजार में ग्राहक बनकर आए दो शातिर चोरों ने एक ज्वेलरी शॉप से करीब 15 लाख रूपये कीमत की सोने की चेन चोरी कर ली। हैरानी की बात यह रही कि पीड़ित को इस बात की भनक तक नहीं लगी। दुकानदार द्वारा उसी दिन पुलिस को सूचना देने के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई और पूरे पांच दिन बाद एफआईआर लिखी गई। इस देरी को लेकर अब स्थानीय व्यापारियों में भी आक्रोश देखने को मिल रहा है। यह वारदात कमला नगर निवासी के किनारी बाजार स्थित एक दुकान में हुई। जहां चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

पीड़ित दुकानदार सक्षम जैन ने बताया कि उनकी किन्नारी बाजार में अरिहंत ऑर्नामेंट्स नाम से सोने-चांदी की दुकान है, जहां वह थोक कारोबार करते हैं। 31 जनवरी को वह अपनी पत्नी को अस्पताल दिखाने गए हुए थे। शाम करीब साढ़े चार बजे दुकान पर उनके पिता मनीष जैन मौजूद थे और एक कर्मचारी भी काम कर रहा था। इसी दौरान बाइक से आए दो युवक दुकान के बाहर रुके। एक युवक बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा युवक ग्राहक बनकर दुकान के अंदर आया और सोने की चेन देखने की बात कही।

दुकान के अंदर आए युवक ने पहले अलग-अलग सोने की चेन निकलवाकर उनका वजन और क्वालिटी पूछनी शुरू कर दी। इस दौरान वह मनीष जैन को लगातार बातचीत में उलझाए रहा। इसी बीच बाहर खड़ा उसका साथी दुकान के गेट पर आ गया और कर्मचारी से किसी अन्य दुकान का पता पूछने लगा। कर्मचारी जब बाहर खड़े युवक को रास्ता समझाने लगा, तभी दुकान के अंदर मौजूद युवक ने मौका देखकर एक सोने की चेन को चुपचाप अपनी उंगलियों में दबाया और जेब में रख लिया।

घटना के समय किसी को कोई शक नहीं हुआ। और दोनों कुछ देर बाद वहां से चले गए। रात में जब दुकान बंद करते समय रोजाना की तरह जेवरात का वाहन किया गया, तब एक सोने की चेन का वजन कम था। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें साफ दिखाई दिया युवक को चेन जेब में रखते हुए देखा गया। चोरी गई चेन का वजन 80 ग्राम से अधिक बताया जा रहा है, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रूपये आंकी गई है।

पीड़ित सक्षम जैन का आरोप है कि चोरी की जानकारी उन्होंने उसी दिन थाना कोतवाली को दे दी थी। इसके बावजूद पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की और केवल जांच का आश्वासन दिया गया। इसके बाद सक्षम जैन लगातार थाने के चक्कर काटते रहे। दो दिन तक उन्हें सिर्फ जांच चलने की बात कहकर टाल दिया गया। जब मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा, तब भी तुरंत कोई कार्रवाई नहीं हुई।

मामले में कार्रवाई न होने से परेशान होकर सक्षम जैन 3 फरवरी को डीसीपी सिटी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत दी। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने थाना प्रभारी को फोन कर आवश्यक निर्देश भी दिए। इसके बावजूद तत्काल प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। आखिरकार 5 फरवरी को पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी की धाराओं में एफआईआर दर्ज की।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। फुटेज में दोनों युवक साफ नजर आ रहे हैं। एक युवक दुकान के अंदर चेन देखते हुए दिखाई देता है, जबकि दूसरा बाहर खड़ा होकर कर्मचारी को बातचीत में उलझाता दिख रहा है। पुलिस ने आसपास के बाजारों और मुख्य मार्गों पर लगे कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों के भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

Agra News: आगरा के यमुना एक्सप्रेसवे पर नाले में मिली महिला की लाश, इलाके में मचा हड़कंप

Manoj Sharma

मनोज शर्मा एक डिजिटल न्यूज़ राइटर हैं, जो आगरा और उत्तर प्रदेश की ताज़ा खबरें, क्राइम अपडेट्स और स्थानीय मुद्दों पर लिखते हैं। इनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुँचाना है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment