Agra News: होली का त्यौहार नजदीक आते ही उत्तर भारत से लेकर देश के अन्य हिस्सों तक रेल यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। हालात ऐसे है कि लंबी दूरी की अधिकतर ट्रेनों में सीटें पहले ही फूल हो चुकी है और स्लीपर व एसी श्रेणियों में वेटिंग लिस्ट 80 के पार पहुंच गई है। आगरा, मथुरा, प्रयागराज, कानपुर, दिल्ली और मुंबई जैसे प्रमुख शहरों से चलने वाली ट्रेनों में यात्रियों का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
होली के दौरान घर लौटने और पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या हर साल बढ़ती है, लेकिन इस बार भीड़ पिछले वर्षों की तुलना में अधिक बताई जा रही है। रेलवे के आंकड़ों के अनुसार फरवरी के दूसरे सप्ताह से ही टिकट बुकिंग में अचानक उछाल देखने को मिल रहा है।
लंबी दूरी की ट्रेनों में सबसे ज्यादा दबाव
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक सबसे ज्यादा मारामारी लंबी दूरी की ट्रेनों में देखने को मिल रही है। मुंबई राजधानी, नई दिल्ली शताब्दी, चेन्नई राजधानी, भोपाल शताब्दी, वंदे भारत एक्सप्रेस, जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस, केरल एक्सप्रेस, पटना-कोटा एक्सप्रेस और आगरा-अहमदाबाद एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में सीटें लगभग पूरी तरह भर चुकी हैं। इन ट्रेनों में स्लीपर, थर्ड एसी और सेकेंड एसी कोचों में वेटिंग लिस्ट तेजी से आगे बढ़ रही है। कुछ ट्रेनों में तो टिकट कंफर्म होने की संभावना बेहद कम रह गई है, जिससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
रेलवे चलाएगा कई विशेष ट्रेनें
यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने राहत देने की कोशिश शुरू कर दी है। उत्तर मध्य रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि 15 फरवरी से 31 मार्च के बीच विभिन्न रूटों पर 10 जोड़ी विशेष ट्रेनों को चालू किया जाएगा। ये ट्रेनें प्रमुख शहरों को जोड़ेंगी, ताकि होली के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिल सके। इन विशेष ट्रेनों में सबसे अधिक कोच स्लीपर और एसी श्रेणी के होंगे। रेलवे का कहना है कि इससे वेटिंग लिस्ट को कुछ हद तक कम करने में मदद मिलेगी, हालांकि यात्रियों की संख्या काफी ज्यादा होने के कारण पूरी राहत मिलना मुश्किल है।
आगरा और मथुरा से रोजाना हजारों यात्री
आगरा और मथुरा जैसे धार्मिक व पर्यटन शहरों से रोजाना हजारों यात्री सफर कर रहे है। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन करीब 24 हजार यात्राओं की आवाजाही दर्ज की जा रही है, जबकि मथुरा जंक्शन से यह सख्या 26 हजार के आसपास पहुंच गई है। होली के दौरान ब्रज क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ भी काफी बढ़ जाती है, जिसका सीधा असर ट्रेनों की बुकिंग पर पड़ रहा है। स्थानीय यात्रियों के साथ-साथ देश के अगल-अगल हिस्सों से आने वाले पर्यटक भी ट्रेनों में भीड़ बढ़ा रहे है।
किरायों में भी दिख रही बढ़ोतरी
होली के चलते फ्लाइट और ट्रेन दोनों के किरायों में इजाफा देखा जा रहा है। एक मार्च के आसपास आगरा से मुंबई और बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट्स के टिकट काफी महंगे हो गए हैं। वहीं ट्रेनों में तत्काल टिकट की मांग भी तेजी से बढ़ी है। रेलवे सूत्रों के अनुसार त्योहार के दौरान तत्काल टिकट कुछ ही मिनटों में ही खत्म हो जा रही है। ऐसे में यात्रियों को पहले से योजना बनाकर टिकट बुक कराने की सलाह दी जा रही है।
इन रूटों पर सबसे ज्यादा वेटिंग
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, अमृतसर एक्सप्रेस, पातालकोट एक्सप्रेस और जबलपुर एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में भी वेटिंग लिस्ट चल रही है। खासतौर पर स्लीपर और थर्ड एजी क्लास में वेटिंग तेजी से बढ़ रही है। यात्रियों का कहना है कि अंतिम समय में टिकट न मिलने से उनकी होली पर घर जाने की योजनाएं प्रभावित हो रही है। कई लोग बस और निजी वाहनों का सहारा लेने को मजबूर हो रहे है।
Agra News: रेलवे की यात्रियों से अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए जल्द से जल्द टिकट बुक कराएं। साथ ही IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर लगातार स्टेटस चेक करते रहें। जिन यात्रियों के टिकट वेटिंग में हैं, उन्हें वैकल्पिक ट्रेनों और रूटों पर भी नजर रखने की सलाह दी गई है। रेलवे अधिकारियों का अनुमान है कि होली तक ट्रेनों में भीड़ बनी रहेगी। विशेष ट्रेनों के बावजूद सभी यात्रियों को कंफर्म टिकट मिल पाना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में समय रहते योजना बनाना ही यात्रियों के लिए सबसे बेहतर विकल्प माना जा रहा है।
Agra News: ग्राहक बनकर आए चोर 15 लाख की सोने की चेन ले उड़े, आगरा में 5 दिन बाद दर्ज हुई एफआईआर






