आगरा: आगरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर मिली एक अज्ञात युवती की डेडबॉडी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली। इस केस की सबसे खास बात यह रही कि युवती की पहचान के लिए पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का सहारा लिया, जिससे मृतका की तस्वीर को रीडेवलप कर उसकी पहचान संभव हो सकी। यह मामला न सिर्फ क्रूर हत्या से जुड़ा है, बल्कि इसमें तकनीक के इस्तेमाल ने पुलिस जांच की दिशा ही बदल दी। पुलिस के अनुसार, हत्या प्रेम संबंधों में विवाद के चलते की गई थी और आरोपी युवती का बॉयफ्रेड ही निकला।
आगरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर मिली थी अज्ञात डेडबॉडी
घटना 6 फरवरी की है, जब दोपहर के समय यमुना एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 148 के पास एक नाले में युवती का शव पड़े होने की सूचना मिली। आसपास के गांव वाले बकरी चराने आए तो उनको बदबू आने पर नजदीक जाकर देखा तो वहां एक युवती की डेडबॉडी पड़ी थी। तुरंत एक्सप्रेसवे पर गश्त कर रही पुलिस और स्नानीय थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, लेकिन मृतका की पहचान को लेकर पुलिस के सामने बड़ी चुनौती थी।
चेहरा बिगाड़ने की कोशिश, पहचान छिपाने का प्रयास
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के बाद युवती के चेहरे और गले को नुकसान पहुंचाया गया था, ताकि उसकी पहचान न हो सके। गले पर दबाने के निशान और चेहरे पर चोट साफ देखा गया। पुलिस को आशंका है कि हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को कार से लाकर यमुना एक्सप्रेस-वे पर फेंका गया। युवती के शरीर पर मेहंदी रंग का सलवार सूट था, पैरों में बिछुए थे और हाथ व कंधे के पास कुछ अक्षर लिखे हुए मिले थे, जो जांच में अहम सुराग साबित हुए।
AI तकनीक बनी पुलिस की सबसे बड़ी मदद
पहचान न होने की स्थिति में पुलिस ने युवती के चेहरे की तस्वीर को AI तकनीक से रीडेवलप कराया। आधुनिक सॉफ्टवेयर की मदद से चेहरे को लगभग सामान्य रूप में तैयार किया गया। इसके बाद यह तस्वीर सभी थानों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और पुलिस नेटवर्क में साझा की गई। AI से बनी तस्वीर सामने आने के बाद महज 24 घंटे के भीतर मृतका की पहचान हो गई। युवती की पहचान महोबा जिले की रहने वाली 25 वर्षीय सोनाली के रूप में हुई।
AI से तैयार तस्वीर देखने के बाद सोनाली के परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया और शव की पहचान की गई । इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच को तेज कर दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सोनाली कुछ समय से घर से बाहर रह रही थी और उसके एक युवक से प्रेम संबंध थे। इसी आधार पर पुलिस ने जांच की दिशा को प्रेम संबंधों की ओर मोड़ दिया।
ब्वॉयफ्रेंड सनी गिरफ्तार, हत्या की बात कबूली
पुलिस जांच में सोनाली के ब्वॉयफ्रेंड सनी का नाम सामने आया। जब पुलिस ने सनी के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह दिल्ली में रह रहा था। पुलिस ने उसके ठिकानों पर दबिश दी, जहां उसके घर पर ताला लटका मिला और मोबाइल फोन भी बंद था। सर्विलांस और तकनीकी जांच की मदद से पुलिस ने सनी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी सनी ने हत्या की बात कबूल कर ली। सनी ने बताया कि सोनाली उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी, लेकिन वह उससे पीछा छुड़ाना चाहता था। इसी बीच उसकी दूसरी गर्लफ्रेंड बन गई थी, जिससे विवाद बढ़ गया।
आरोपी के अनुसार, उसने पहले से हत्या की योजना बनाई थी। हत्या के बाद उसने अपने दो दोस्तों की मदद से शव को कार में रखकर आगरा लाया और यमुना एक्सप्रेस-वे पर फेंक दिया। पुलिस को शक है कि इस हत्या में करीब 5 से 6 लोग शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी के साथ-साथ उसके सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है और दिल्ली सहित कई जगहों पर दबिश दी जा रही है।
तकनीक और पुलिस की तेजी से सुलझा केस
आगरा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि अगर AI तकनीक का इस्तेमाल नहीं किया जाता, तो इस केस की पहचान में कई दिन या हफ्ते लग सकते थे। लेकिन तकनीक और पुलिस की सतर्कता से महज 24 घंटे में मृतका की पहचान हो गई और आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य फॉरेंसिक सबूतों के आधार पर चार्जशीट तैयार की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस केस से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Agra News: प्रदूषण का कहर: जिला अस्पताल में सांस रोगियों की बढ़ती भीड़, हर दिन 200 से अधिक मरीज










