Taj Mahotsav 2026: विश्व प्रसिद्ध सांस्कृतिक आयोजन यानी ताज महोत्सव 2026 का आगाज 18 फरवरी से होने जा रहा है। इस बार महोत्सव का आयोजन शिल्पग्राम के स्थान पर फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड में किया जाएगा। 10 दिनों तक चलने वाला यह भव्य आयोजन 27 फरवरी तक चलेगा, जिसमें देशभर के कलाकार अपनी प्रस्तुति देकर सांस्कृतिक रंग बिखेरेंगे। महोत्सव में बॉलीवुड नाइट, सूफी नाइट, पंजाबी नाइट, कॉमेडी नाइट और कवि सम्मेलन जैसे कई प्रमुख कार्यक्रम शामिल है।
हर साल की तरह इस बार भी यह आयोजन न केवल आगरा बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए खास महत्व रखता है। देश-विदेश से आने वाले पर्यटक और स्थानीय लोग इस सांस्कृतिक महोत्सव का बेसब्री से इंतजार करते है। प्रशासन और पर्यटन विभाग ने महोत्सव को भव्य और सुंदर बनाने के लिए तैयारियां की है।
18 फरवरी को होगा भव्य उद्घाटन (Taj Mahotsav 2026)
ताज महोत्सव 2026 का उद्घाटन 18 फरवरी को शाम 5 बजे होगा। इस मौके पर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश के लोक कलाकार अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करेंगे। प्रशासन के अनुसार इस बार महोत्सव में करीब 500 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें देश के विभिन्न राज्यों से आए शिल्पकार अपने हस्तशिल्प, कपड़े, आभूषण और अन्य पारंपरिक उत्पाद प्रदर्शित करेंगे। इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ कलाकारों को भी अपनी कला दिखाने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रमों की पूरी सूची: हर दिन होगा खास आयोजन
महोत्सव के दौरान हर शाम अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की सूची इस प्रकार है:
- 18 फरवरी: उद्घाटन समारोह और उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक कलाकारों की प्रस्तुति
- 19 फरवरी: कवि सम्मेलन और मुशायरा
- 20 फरवरी: सूफी नाइट – अली ब्रादर्स की प्रस्तुति
- 21 फरवरी: बैंड नाइट – इंडियन ओशन का लाइव शो
- 22 फरवरी: बॉलीवुड नाइट – नीरज श्रीधर की प्रस्तुति
- 23 फरवरी: पंजाबी नाइट – परमिश वर्मा का कार्यक्रम
- 24 फरवरी: भक्ति संध्या – पारंपरिक भजन और धार्मिक प्रस्तुतियां
- 25 फरवरी: बॉलीवुड नाइट – मधुवंती बागची का लाइव शो
- 26 फरवरी: कॉमेडी नाइट – कृष्णा अभिषेक
- 27 फरवरी: समापन समारोह – सचिन जिगर की शानदार प्रस्तुति
इस कार्यक्रमों के जरिए दर्शकों को संगीत, हास्य, भक्ति और साहित्य का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
टाटा ग्राउंड में अंतिम चरण में तैयारियां
इस बार शिल्पग्राम में निर्माण कार्य चलने के कारण प्रशासन ने महोत्सव का आयोजन फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड में करने का फैसला लिया है। यहां विशाल पंडाल, स्टेज, दर्शक दीर्घा और सुरक्षा व्यवस्था का काम अंतिम चरण में है। प्रशासन ने बताया कि महोत्सव स्थल पर पार्किंग, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा और यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पर्यटकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात रहेंगी।
ताज महोत्सव का मुख्य उद्देश्य भारत की सांस्कृतिक और पारंपरिक विरासत को बढ़ावा देना है। इस महोत्सव में राजस्थान, गुजरात, पंजाब, पश्चिम बंगाल, कश्मीर और दक्षिण भारत समेत कई राज्यों के शिल्पकार हिस्सा लेंगे। यहां हस्त निर्मित कपड़े, कालीन, लकड़ी की कलाकृतियां, पत्थर की मूर्तियां और पारंपरिक आभूषण आकर्षण का केंद्र होंगे। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
सुरक्षा और सुविधाओं पर रहेगा विशेष ध्यान
प्रशासन ने महोत्सव के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सीसीटीवी कैमरे, पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा मेडिकल टीम और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी रहेगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है, ताकि महोत्सव में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
ताज महोत्सव को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग अपने पसंदीदा कलाकारों की प्रस्तुति देखने के लिए उत्साहित हैं। खासकर बॉलीवुड नाइट और कॉमेडी नाइट को लेकर युवाओं में काफी उत्साह है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि महोत्सव से उनके कारोबार में भी वृद्धि होगी। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
ताज महोत्सव आगरा के पर्यटन उद्योग के लिए बेहद महत्वपूर्ण आयोजन है। इस दौरान हजारों की संख्या में पर्यटक शहर में आते हैं, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और स्थानीय व्यवसाय को फायदा होता है। यह आयोजन ताजमहल की नगरी आगरा की पहचान को और मजबूत करता है। महोत्सव के दौरान शहर में सांस्कृतिक माहौल देखने को मिलता है और पर्यटक भारतीय संस्कृति को करीब से अनुभव करते हैं।







