Agra News: आगरा के कमला नगर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सड़क अचानक धंस जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। कर्मयोगी एन्क्लेव चौराहे के पास सड़क के बीचो-बीच करीब 20 फीट गहरा और लगभग 10 फीट चौड़ा गड्ढा बन गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी क्षेत्र में पिछले एक से डेढ़ महीने के भीतर तीसरी बार सड़क धंसने की घटना सामने आई है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने क्षेत्रवासियों के मन में चिंता बढ़ा दी है।
मौके पर पहुंचे सपा नेता, गड्ढे की गहराई मापी
घटना की जानकारी मिलने के बाद सपा नेता नितिन कोहली मौके पर पहुंचे। उन्होंने सीढ़ी के सहारे गड्ढे में उतरकर उसकी गहराई का जायजा लिया और सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उन्होंने गड्ढे के पास नारियल और माला चढ़ाकर विरोध किया और इस गड्ढे को पाताल लोक का रास्ता बताया। इस दौरान लोगों ने भी सड़क की मजबूती और निर्माण कार्य की जांच करने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूल बसें, निजी वाहन और दोपहिया वाहन गुजरते है। आसपास आवासीय कॉलोनियां होने के कारण लोगों की आवाजाही भी लगातार बनी रहती है।

पाइपलाइन लीकेज को माना जा रहा संभावित कारण
क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि सड़क के नीचे पाइपलाइन में लीकेज होने से मिट्टी का कटाव हुआ, जिसके कारण सड़क अचानक धंस गई। क्षेत्रवासियों का कहना है कि केवल गड्ढा भरने के बजाय पूरे क्षेत्र की तकनीकी जांच कराकर स्थायी समाधान किया जाना चाहिए। पहले भी गड्ढों को भर दिया गया था लेकिन पूरी जांच नहीं की गई। क्षेत्रीय पार्षद पवन बंसल ने कहा कि रोड की जांच कराई जाएगी यदि निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार या लापरवाही सामने आती है तो इस रोड को बनाने वाली कंपनी पर सख्त करवाई कि जाएगी।
निष्कर्ष (Agra News)
कमला नगर में लगातार तीसरी बार सड़क धंसने की घटना ने सड़क निर्माण को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए है। फिलहाल प्रशासन की ओर से सुरक्षा के लिए गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है। स्थानीय लोग अब स्थायी समाधान और जिम्मेदार एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की उम्मीद कर रहे है।




