आगरा में सड़क हादसे के बाद पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। सिकंदरा थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप घायल एक बाइक सवार की जान बचाने के लिए पुलिस ने न केवल उसे समय पर अस्पताल पहुंचाया, बल्कि इलाज के दौरान रक्त की जरूरत पड़ने पर उपनिरीक्षक ने स्वंय रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।
15 मिनट के भीतर अस्पताल पहुंचाया घायल
जानकारी के अनुसार, 6 अगस्त 2026 की रात सिकंदरा तिराहे पर एक बाइक सवार व्यक्ति टैंकर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही Zero Fatality District ( ZFD ) अभियान के तहत गठित थाना सिकंदरा की Critical Corridor Team (CCT) मौके पर पहुंची। टीम ने बिना समय गंवाए ग्रीन कॉरिडोर बनाते हुए घायल को लगभग 15 मिनट के भीतर अस्पताल पहुंचाया।
इलाज के दौरान सामने आई रक्त की जरूरत
अस्पताल में डॉक्टर ने घायल का तुरंत उपचार शुरू किया। जांच के दौरान घायल को तत्काल रक्त आवश्यकता बताई गई। ऐसे समय में थाना सिकंदरा की CCT टीम में तैनात उपनिरीक्षक कपिल कुमार आगे आए और बिना किसी देरी के स्वयं रक्तदान किया, उपचार प्रभावित नहीं हुआ। चिकित्सकों के अनुसार, घायल को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचना, समय पर इलाज शुरू होना और तत्काल रक्त उपलब्ध हो जाना उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण साबित हुआ। फिलहाल घायल की हालत में लगातार सुधार हो रहा है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। पुलिस ने घटना की सूचना घायल के परिजनों को भी दे दी है।
पुलिस की तत्परता की हो रही सराहना (आगरा)
सड़क दुर्घटनाओं में समय पर सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा Zero Fatality District अभियान एक बार फिर प्रभावी साबित हुआ है। इस घटना में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और उपनिरीक्षक के रक्तदान की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है। यह घटना बताती है कि पुलिस कानून व्यवस्था के साथ-साथ मानव जीवन बचाने की जिम्मेदारी भी पूरी संवेदनशीलता के साथ निभा रही है।
Agra News: भारी बारिश से वाटर वर्क्स, जीवनी मंडी और सुलतानगंज पोलिया पर जलभराव, ट्रैफिक पुलिस अलर्ट




