Agra Accident News: आगरा के थाना एत्मादौला क्षेत्र में आगरा-दिल्ली नेशनल हाइवे पर शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। दिन में दुर्घटनाग्रस्त हुए एक ट्रक को सड़क से नहीं हटाया गया था। देर रात उसी खड़े ट्रक में पीछे से आ रहे कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
दिन में हुआ था ट्रक का एक्सीडेंट
शनिवार दोपहर नेशनल हाईवे पर सैयद चौराहे के पास एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसे के बाद ट्रक सड़क किनारे ही खड़ा रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक को समय रहते हटाया नहीं गया, जिससे रात में बड़ा हादसा हो गया। देर रात जब यातायात सामान्य रूप से चल रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रहा एक कैंटर सड़क पर खड़े ट्रक को देख नहीं पाया और पीछे से उसमें जा घुसा। टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो कैंटर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो चुका था।

हादसे के बाद कैंटर चालक केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने मिलकर चालक को बाहर निकालने की कोशिश की। काफी देर की मशक्कत के बाद केबिन को काटकर उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चालक की पहचान मथुरा के गांव जरारा निवासी 34 वर्षीय सोनू दुबे के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जाएगा।
पुलिस ने शुरू की जांच (Agra Accident News)
थाना एत्मादौला पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही की बात सामने आ रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ट्रक को सड़क से क्यों नहीं हटाया गया। यदि संबंधित विभाग की लापरवाही सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मृतक चालक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। नेशनल हाईवे पर प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। ऐसे में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को तुरंत हटाना और यातायात को सुरक्षित बनाए रखना संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है।
Agra News: गलत लेन में वाहन चलाने में आगरा सबसे आगे, RTO रिपोर्ट में चौंकाने वाले आंकड़े











