आगरा क्राइम: आगरा जिले के थाना मलपुरा क्षेत्र से एक मामला सामने आया है, जहां लंबे समय से छेड़छाड़ और शादी का दबाव झेल रही 15 वर्षीय किशोरी ने आत्मघाती कदम उठा लिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि एक युवक किशोरी को लगातार परेशान कर रहा था, रास्ता रोककर छेड़छाड़ करता था और बदनाम करने की धमकी देकर उस पर शादी का दबाव बना रहा था।
किशोरी की मौत के बाद पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज की है, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिफ्तारी नहीं हो सकी है। सभी आरोपी घटना के बाद से ही फराह बताए जा रहे है, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
घर से अचानक लापता हुई थी किशोरी
पीड़ित पिता के अनुसार, 28 जनवरी की दोपहर उनकी बेटी अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजन जब उसकी तलाश कर रहे थे, तभी गांव के कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने दो युवकों को किशोरी को जबरन बाइक पर ले जाते हुए देखा था। विरोध करने पर युवकों ने उसके साथ मारपीट भी की थी। शोर मचने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए, जिसके बाद युवक मौके से फरार हो गए। परिजन किसी तरह किशोरी को घर लेकर आए। उस समय वह बेहद डरी और मानसिक रूप से परेशान दिखाई दे रही थी।
घर पहुंचकर बताई आपबीती
पीड़ित पिता ने बताया कि घर पहुंचने के बाद किशोरी ने पूरी घटना बताई। उसने कहा कि गांव का एक युवक काफी समय से उसे परेशान कर रहा था। वह रास्ता रोककर अश्लील बातें करता था और उसे जबरन शादी करने का बढ़ाव बना रहा था। इतना ही नहीं, युवक उसे बदनाम करने की धमकी भी देता था, जिससे वह लगातार मानसिक रूप से तनाव में थी।
परिवार ने जब इस संबंध में युवक के घर जाकर शिकायत की, तो वहां विवाद और गाली-गलौज हो गई। आरोप है कि शिकायत के बजाय आरोपी के घर वालो ने उल्टा धमकाना शुरू कर दिया, जिससे किशोरी और अधिक डर गई।
मानसिक दबाव में उठाया आत्मघाती कदम
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से किशोरी गहरे मानसिक तनाव में चली गई थी। वह चुप-चुप रहने लगी थी किसी से घर पर बात भी नहीं करती थी और बार-बार डर जताती थी। इसी मानसिक दबाव के चलते उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई, तो घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
चार लोगों के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर
पीड़ित पिता केi तहरीर पर पुलिस ने आरिफ, साहिल, समीना और अफसर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है की इन लोगों ने किशोरी को प्रताड़ित किया, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गई और उसने आत्महत्या कर ली। एसीपी सैंया डॉ. सुकन्या शर्मा ने बताया कि किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
गिरफ्तारी न होने से परिजन डरे और नाराज
मामले में अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से परिजनों में डर और नाराजगी दोनों है। पीड़ित पिता का कहना है कि नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे उन्हें और उनके परिवार को खतरा महसूस हो रहा है। उन्होंने पुलिस से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस का दावा: जल्द होंगे आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। सभी नामजद आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस मोबाइल लोकेशन, स्थानीय मुखबिरों और तकनीकी के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
Agra News: आगरा में रिटायर्ड इंजीनियर का फ्लैट में मिला शव, अकेलेपन और बीमारी से मौत की आशंका










