Agra Crime News: आगरा के मलपुरा क्षेत्र के कुकुआ में स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने दुकान की पीछे की दीवार में काटकर अंदर दाखिल हुए और तिजोरी को ग्राइडर से काटकर लाखों रूपये के सोने चांदी के आभूषण पार कर दिए। इतना ही नहीं, चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क भी आपने साथ ले गए, जिससे पुलिस को जांच में शुरुआती मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
रात में रची गई पूरी साजिश
मलपुरा के ककुआ स्थित राजेंद्र कुमार और प्रमोद कुमार ज्वेलर्स की दुकान गुरुवार शाम रोजाना की तरह बंद की गई थी। दुकान का सारा कीमती सामान तिजोरी में सुरक्षित रखा गया था। परिजनों के अनुसार, रात के समय बदमाश दुकान के पीछे की ओर से पहुंचे और दो दीवारों को काटकर अंदर दाखिल हुए। चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे। मौके से ग्राइंडर के ब्लेड और सब्वल भी बरामद हुए हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने में काफी समय लगा। बदमाशों ने तिजोरी को ग्राइंडर से काटा और उसमें रखे सोने-चांदी के नए और पुराने आभूषण समेट लिए और मौके से फरार हो गए।
सुबह खुली दुकान तो उड़ गए होश
दुकान मालिक प्रमोद कुमार के बेटे अक्षय कुमार के अनुसार, वह गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देख दंग रह गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था। और तिजोरी कटी हुई थी देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बदमाश सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क भी अपने साथ ले गए। इससे साफ है कि चोरों को दुकान में लगे सुरक्षा इंतजामों की पूरी जानकारी थी। हार्ड डिस्क गायब होने से पुलिस के लिए आरोपियों की पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो गया है। हालांकि पुलिस आसपास के अन्य जगहों और मार्गों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही तकनीकी टीम को भी जांच में लगाया गया है।
पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू (Agra Crime News)
सूचना मिलते ही मलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की । फोरेंसिक टीम ने भी सबूत जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि चोरी की वारदात सुनियोजित प्रतीत होती है और इसमें स्थानीय जानकारी रखने वाले लोगों की भूमिका से इनकार नहीं किया जा सकता। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की जाएगी। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा भी किया गया है।
हालांकि अभी तक चोरी गए आभूषणों का सटीक आकलन नहीं हो पाया है, लेकिन शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रूपये का नुकसान हुआ है। दुकान मालिक आभूषणों की सूची तैयार कर रहे है, जिसके बाद वास्तविक नुकसान की जानकारी सामने आएगी। परिवार का कहना है कि वर्षों की मेहनत से तैयार किया गया कारोबार एक ही रात में गहरे संकट में आ गया है।
Agra Crime: व्हाट्सएप पर आया APK, मोबाइल हुआ हैक और खाते से उड़ गए लाखों









