Agra Crime News: आगरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, थाना ताजगंज क्षेत्र के नीतिभाग इलाके से 8 वर्षीय मासूम बच्ची प्रज्ञा का शव उसके ही घर के पास किराए पर रहने वाले युवक के कमरे से आटे से भरे टीन के कनस्तर से बरामद हुआ। घटना के बाद से आरोपी किरायेदार सुनील फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। बच्ची मंगलवार दोपहर अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन जब भी उसका कोई सुराग नहीं मिला फिर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
जांच के दौरान सामने आया कि बच्ची घर से करीब 500 मीटर दूर गली में लगे कैमरे में दिखाई दी थी। फुटेज में वह अकेले दुकान की ओर जाती नजर आई। कुछ समय बाद उसी कैमरे में वह वापस घर की ओर आती भी दिखी। लेकिन इसके बाद वह किसी भी कैमरे में नजर नहीं आई, जिससे पुलिस का शक गहराने लगा। इसी दौरान यह भी सामने आया कि बच्ची के लापता होने के कुछ टाइम बाद ही किरायेदार सुनील भी गायब हो गया था। पुलिस ने इसे संदिग्ध मानते हुए उसके कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान जो सामने आया, उसने सभी को सन्न कर दिया।
आटे के ड्रम में मिला शव
पुलिस जब सुनील के कमरे में पहुंची तो वहां एक टीन का ड्रम मिला, जो आटे से भरा हुआ था। जब उसे खोला गया तो उसमें बच्ची का शव मिला। यह नजारा देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और परिजन स्तब्ध रह गए। घटना की जानकारी मिलते ही फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से साबूत जुटाए। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट जानकारी देने की बात कही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मासूम का शव मिलने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां प्रीति और पिता दिनेश कुमार की हालत बेहद खराब हो गई। परिजन बेसुध हो गए और पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया। परिजनों के अनुसार, प्रज्ञा सुनील को चाचा कहकर बुलाती थी और उसके पास अक्सर जाया करती थी। ऐसे में परिवार को कभी नहीं लगा कि सुनील उनकी बेटी की हत्या कर देगा।
किरायेदार का संदिग्ध अतीत
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सुनील पिछले चार साल से किराए पर रह रहा था। वह नशे का आदी बताया जा रहा है और उसकी पारिवारिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। उसकी पत्नी उसे छोड़कर जा चुकी थी और उसकी मां भी कुछ दिन पहले ही गांव चली गई थी। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि सुनील का व्यवहार सामान्य नहीं था, लेकिन किसी ने कभी इस तहर की घटना की कल्पना नहीं की थी। पुलिस अब उसके पुराने रिकॉर्ड और जो उसके संपर्कों की भी जांच कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई तेज (Agra Crime News)
पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं। आसपास के जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संभावित ठिकानों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले का खुलासा किया जाएगा। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि हत्या के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है।










