Agra Crime News: आगरा जिले के लोधई गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 25 वर्षीय युवा लवकेश की हत्या उसकी पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए लवकेश के शव को पक्ष से लटका दिया गया। शुरुआती दौर में परिजन इसे आत्महत्या मान बैठे और अंतिम संस्कार भी कर दिया गया, लेकिन दो दिन बाद सच्चाई सामने आ गई।
सुबह चार बजे दी आत्महत्या की सूचना
10 फरवरी की सुबह करीब चार बजे लवकेश की पत्नी गौरी ने अपने ससुर सुरेश चंद्र को फोन कर बताया कि लवकेश ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही परिजन गांव पहुंचे। कमरे में पंखे से साड़ी के फंदे के सहारे लटका शव देख सभी सन्न रह गए। उस समय घटना आत्महत्या प्रतीत हो रही थी, इसलिए बिना ज्यादा शक किए परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
पत्नी गौरी शव से लिपटकर रोती रही। उसने लगातार दो दिन तक शोक का प्रदर्शन किया, जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ। लेकिन मृतक के पिता को कुछ बातें खटक रही थीं। उन्होंने बताया कि बेटे के पैरों का जमीन से टच हो रहे थे और पारिवारिक हालात ऐसे नहीं थे, कि वह आत्महत्या करे, फिर मुझे शक हुआ।

शक गहराया तो खुला राज (Agra Crime News)
दो दिन बाद जब परिजनों ने गहराई से बात की और पत्नी से सवाल-जवाब किए, तो वह घबरा गई। पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि उसने अपने प्रेमी सुंदर के साथ मिलकर लवकेश की हत्या की है। पुलिस के अनुसार पत्नी और उसके प्रेमी के बीच अवैध संबंध थे, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। 9 फरवरी की रात लवकेश घर में सो रहा था। उसी दौरान पत्नी ने प्रेमी को बुलाया और दोनों ने मिलकर तकिए से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद साड़ी का फंदा बनाकर शव को पंखे से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पत्नी गौरी और उसके प्रेमी सुंदर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। डीसीपी सिटी ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है। लवकेश अपने पिता के साथ आगरा में बिजली का काम करता था। पिता सुरेश चंद्र नौकरी पर रहते थे, जबकि लवकेश रात में गांव लौट आता था। परिवार को इस घटना ने पूरी तरह तोड़ दिया है। पिता का कहना है कि बेटे ने कभी आत्महत्या जैसा कदम उठाने की बात नहीं की थी और न ही किसी तरह का मानसिक तनाव दिखा था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम न होने के कारण तकनीकी चुनौतियां हैं, लेकिन आरोपियों के बयान और परिजनों के सबूतों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। कॉल डिटेल और अन्य सबूत भी जुटाए जा रहे हैं।
Agra News: श्मशान घाट पहुंची पुलिस, जलती चिता से युवती का शव निकाला, जाने पूरा मामला










