Agra News: आगरा जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने से ठीक पहले कई परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। ऐसे ही एक मामला शहर के धूलियागंज स्थित दिगंबर जैन इंटर कॉलेज सहित कई केंदों पर कक्षाओं में नाली का गंदा पानी भर जाने, टूटी बेंच-डेस्क, अधूरी सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की कमी जैसी समस्याएं सामने आई है।
स्थानीय लोगों और शिक्षकों का कहना है कि संबंधित विभाग को पहले ही लिखित सूचना दी जा चुकी थी, इसके बावजूद समय रहते सुधार नहीं कराया गया। अब परीक्षा शुरू होने से पहले छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों में चिंता का विषय बना हुआ है।
कक्षाओं में भरा गंदा पानी
बताया जा रहा है कि दिगंबर जैन इंटर कॉलेज के कई कमरों में सीवर लाइन चोक होने के कारण नाली का पानी भर गया है। पानी इतना अधिक है कि कुछ कमरों में बेंच तक डूब गई हैं। फर्श पर कूड़ा-कचरा और बदबू के कारण बैठना मुश्किल हो रहा है। परीक्षा देने आने वाले छात्रों के अभिभावकों ने कहा कि ऐसे माहौल में बच्चों का बैठना स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता है। कई अभिभावकों ने प्रशासन से तत्काल सफाई और सैनिटाइजर कराने की मांग की है।
शिक्षक नेता ने बताया कि सीवर की समस्या पिछले कई दिनों से बनी हुई है और इसकी जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को पहले ही दे दी गई थी। उन्होंने कहा कि परीक्षा नजदीक होने के कारण समय पर कार्रवाई जरूरी थी, लेकिन मौके पर कोई ठोस व्यवस्था नहीं दिख रही। उनका कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो परीक्षा संचालन प्रभावित हो सकता है और छात्रों की पढ़ाई पर सीधा असर पड़ेगा।
अन्य केंदों पर भी अव्यवस्था
जिले के कुछ अन्य परीक्षा केंदों से भी व्यवस्थाओं की कमी की शिकायतें मिली है। कहीं शौचालय उपयोग लायक नहीं है तो कही बिजली व्यवस्था अधूरी है। कुछ केंद्रों पर निर्माण कार्य के बीच ही परीक्षा केंद्र बना दिया गया, जिससे कमरों में सामान बिखरा पड़ा है। महाराजा सूरजमल इंटर कॉलेज में स्थायी शौचालय व्यवस्था नहीं होने की बात सामने आई है, जबकि एक एक अन्य गर्ल्स कॉलेज में मरम्मत कार्य चल रहा है। ऐसे में छात्राओं को असुविधा होने की आशंका जताई जा रही है।
परीक्षाओं को नकलविहीन कराने के लिए प्रशासन द्वारा सीसीटीवी कैमरे और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती का दावा किया गया है, लेकिन कई केंद्रों पर कैमरे अब तक चालू नहीं हो पाए हैं। कुछ स्थानों पर मजिस्ट्रेट भी समय पर नहीं पहुंचे। हालांकि प्रशासन का कहना है कि कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है और जहां कमी मिलेगी, तुरंत सुधार कराया जाएगा
अभिभावकों की चिंता (Agra News)
परीक्षा केंद्र देखने पहुंचे अभिभावकों ने कहा कि बोर्ड परीक्षा बच्चों के भविष्य से जुड़ी होती है। ऐसे में साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए। एक अभिभावक ने बताया कि बच्चे पूरे साल मेहनत करते हैं, लेकिन यदि परीक्षा कक्ष में बदबू और गंदगी होगी तो उनका ध्यान पढ़ाई पर नहीं लग पाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा शुरू होने से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। जिन स्थानों पर समस्या मिली है वहां संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परीक्षा प्रभावित नहीं होने दी जाएगी और सभी केंद्रों को मानकों के अनुरूप बनाया जाएगा।
Agra News: आगरा में बड़ा हादसा: कोल्ड स्टोरेज में लगी भयंकर आग, चार दमकल गाड़ियों ने पाया काबू
UP Board 2026: परीक्षा में नकल पकड़ी गई तो क्या होगी करवाई? जानें नियम





