Agra News: आगरा में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की गई है। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज ( एस. एन मेडिकल कॉलेज) के डॉक्टरों ने पहली बार सफलतापूर्वक ओपन हार्ट सर्जरी कर एक 13 वर्षीय किशोर को नया जीवन प्रदान किया है। यह उपलब्धि न केवल कॉलेज के लिए, बल्कि पूरे शहर के चिकित्सा क्षेत्र के लिए एक मील पत्थर साबित हो रही है।
जटिल ऑपरेशन में मिली सफलता
एस. एन. मेडिकल कॉलेज के सीटीवीएस (Cardio Thoracic and Vascular Surgery) विभाग की टीम ने इस जटिल और उच्च जोखिम वाले ऑपरेशन को अंजाम दिया। डॉक्टरों की टीम ने पूरी सावधानी और आधुनिक तकनीक के साथ सर्जरी को सफल बनाया। यह ऑपरेशन इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि अब तक इस तरह की सर्जरी के लिए मरीजों को दिल्ली या जयपुर जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। लेकिन अब आगरा में ही यह सुविधा उपलब्ध हो गई है। जिससे स्थानीय मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
किशोर को मिला नया जीवन
सर्जरी के बाद 13 वर्षीय किशोर की स्थिति स्थिर बताई जा रही है और वह तेजी से स्वस्थ हो रहा है। परिजनों ने डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ का आभार जताया है। इस सफल ऑपरेशन ने यह साबित कर दिया है कि अब आगरा के सरकारी मेडिकल संस्थान भी बड़े और जटिल इलाज करने में सक्षम हो चुके है। यह उपलब्धि आगरा को एक उभरते हुए मेडिकल हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम है।
प्रशासन और डॉक्टरों की सराहना
कॉलेज के प्रिंसिपल एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने इसे संसाधनों और संकल्प की जीत बताते हुए कहा कि यह एस. एन. मेडिकल कॉलेज के लिए एक क्रांतिकारी बदलाव है। उन्होंने कहा कि अब संस्थान का लक्ष्य इसे सुपर-स्पेशिलिटी सेवाओं का मजबूत केंद्र बनाना है, ताकि आगरा और आसपास के जिलों के मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके।
स्वास्थ्य सेवाओं में आएगा बड़ा बदलाव (Agra News)
इस उपलब्धि के बाद यह उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में एस.एन. मेडिकल कॉलेज में और भी जटिल सर्जरी नियमित रूप से की जाएंगी। प्रशासन ने सीटीवीएस विभाग को अत्याधुनिक उपकरण और हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया। इस कदम से न केवल मरीजों का समय और पैसा बचेगा, बल्कि उन्हें अपने ही शहर में उच्च स्तरीय इलाज मिल सकेगा। इससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर लोगों का भरोसा भी मजबूत होगा।
Agra Railway News: स्टेशन पर मिला लावारिस बैग, एंटी सबोटेज टीम ने किया चौंकाने वाला खुलासा







