---Advertisement---

Agra News: एत्मादपुर नगर पालिका में बड़ा हंगामा, सभासदों ने अध्यक्ष को आधे घंटे तक बनाया बंधक

Published On: March 10, 2026
Follow Us
Agra News: नगर पालिका अध्यक्ष को बनाया बंधक
---Advertisement---

Agra News: आगरा जिले के एत्मादपुर नगर पालिका परिषद में मंगलवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब विकास कार्यों में लापरवाही और शहर की मूलभूत समस्याओं को लेकर नाराज सभासदों ने नगर पालिका कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। इस दौरान पालिकाध्यक्ष को करीब आधे घंटे तक कार्यालय के अंदर ही रोक दिया गया।

बताया जा रहा है कि लंबे समय से शहर में कई जरूरी समस्याएं बनी हुई है, जिनके समाधान को लेकर सभासद लगातार प्रशासन से शिकायत कर रहे थे। लेकिन जब इन समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो नाराज सभासदों ने विरोध का रास्ता अपनाया और नगर पालिका कार्यालय में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।

विकास कार्यों में लापरवाही का आरोप

सभासदों का आरोप है कि नगर में कई महीनों से विकास कार्य ठप पड़े हैं और प्रशासन इन समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है। सभासदों का कहना है कि शहर की सड़कों की हालत बेहद खराब हो चुकी है और कई स्थानों पर सड़कें गड्ढों में बदल चुकी है। इसके अलावा कई वार्डों में खड़ंजे टूटे पड़े हैं और लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सभासदों का कहना है कि नगर के बाजारों में लगे आरओ प्लांट भी लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिससे लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा नहीं मिल पा रही है। इसके अलावा एमआरएफ प्लांट भी लंबे समय से बंद बताया जा रहा है।

जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनने में देरी

वरिष्ठ सभासद माधवेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि नगर में पिछले करीब आठ महीनों से जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनने की प्रक्रिया रुकी पड़ी है। कई लोगों ने आवेदन किया है लेकिन अब तक उनके प्रमाण पत्र जारी नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस समस्या के कारण आम जनता को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोग कई बार नगर पालिका के चक्कर लगा रहे हैं और परेशान है लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है।

कार्यालय के मुख्य गेट पर जड़ा ताला

इन समस्याओं को लेकर नाराज सभासदों ने नगर पालिका कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पालिकाध्यक्ष डॉ. सुरेश कुशवाह कार्यालय के अंदर मौजूद थे। सभासदों ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारी नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते, जिससे जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। विरोध के दौरान सभासदों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे सामूहिक रूप से इस्तीफा देने पर मजबूर होंगे।

दो दिन में समाधान का आश्वासन (Agra News)

बाद में पालिकाध्यक्ष डॉ. सुरेश कुशवाह ने सभासदों को आश्वासन दिया कि नगर की समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दो दिन के भीतर संबंधित विभागों को निर्देश देकर लंबित समस्याओं को दूर करने की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। पालिकाध्यक्ष के आश्वासन के बाद सभासदों ने नगर पालिका कार्यालय का ताला खोल दिया और धरना समाप्त कर दिया।

इस दौरान सभासद माधवेंद्र नाथ सिंह, राज कपूर मौर्य, रविकांत बघेल, माफिज खान, धर्मेंद्र बघेल, श्रेयांश जैन, शुभम कुशवाह, रजत सोनी, रजनी देवी, जान देवी और योगेश कुमार सहित कई अन्य सभासद मौके पर मौजूद रहे।

Agra News: आगरा दीवानी कोर्ट को फिर मिली बम की धमकी, ईमेल के बाद मचा हड़कंप

Manoj Sharma

मनोज शर्मा एक डिजिटल न्यूज़ राइटर हैं, जो आगरा और उत्तर प्रदेश की ताज़ा खबरें, क्राइम अपडेट्स और स्थानीय मुद्दों पर लिखते हैं। इनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुँचाना है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment