आगरा न्यूज: निर्वाचन आयोग मतदाता पहचान पत्र ( वोटर कार्ड ) को और अधिक सुरक्षित, आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में लगातार बदलाव कर रहा है। इसी कड़ी में अब नए वोटर कार्ड का नया स्वरूप सामने आया है, जिसमें मतदाता की डबल फोटो, क्योआर कोड, भारत का नक्शा और दो स्थानों पर अंकित ईपीआईसी नंबर शामिल किया गया है। सबसे बड़ी बात यह है कि अब यह नया या डुप्लीकेट वोटर कार्ड डाक के माध्यम से सीधे मतदाता के घर तक पहुंचाया जाएगा।
अब तक मतदाताओं को वोटर कार्ड प्राप्त करने के लिए तहसील या बीएलओ के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन निर्वाचन आयोज के नए निर्देशों के बाद यह प्रक्रिया काफी सरल कर दी गई है। ड्राइविंग लाइसेंस की तरह अब वोटर कार्ड भी घर बैठे प्राप्त किया जा सकेगा।
वोटर कार्ड के डिजाइन में बड़ा बदलाव
वोटर कार्ड का डिजाइन पुराने कार्ड की तुलना में कहीं अधिक आधुनिक और सुरक्षित बनाया गया है। इसमें मतदाता की दो फोटो होंगी। पहली फोटो पासपोर्ट साइज की होगी, जबकि दूसरी फोटो थोड़ी छोटी रखी गई है। इससे पहचान में किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना कम हो जाएगी। कार्ड के फ्रंट साइड पर भारत का नक्शा अंकित होगा, जो इसे राष्ट्रीय पहचान पत्र का स्वरूप देता है। वहीं कार्ड के पीछे की तरफ क्यूआर कोड दिया गया है, जिसे स्कैन करते ही मतदाता की पूरी जानकारी स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाएगी।
दो जगह अंकित होगा EPIC नंबर
नए वोटर कार्ड में मतदाता का EPIC नंबर दो स्थानों पर अंकित किया जाएगा। एक नंबर कार्ड के सामने निर्वाचन आयोज के चिह्न के नीचे होगा, जबकि दूसरा नंबर कार्ड के पीछे क्यूआर कोड के पास दिया जाएगा। इससे कार्ड की सत्यता जांचना और भी आसान हो जाएगा।
डाक से सीधे मतदाता के घर पहुंचेगा कार्ड
निर्वाचन आयोग के आदेश पर व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अब नया वोटर कार्ड या डुप्लीकेट वोटर कार्ड डाक विभाग के माध्यम से सीधे मतदाता के पते पर भेजा जाएगा। इससे फर्जीवाड़े पर भी अंकुश लगेगा और मतदाताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अब तक वोटर कार्ड या तो तहसील से वितरित किए जाते थे या फिर बीएलओ द्वारा दिए जाते थे, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह प्रक्रिया पूरी तरह बदल जाएगी।
डुप्लीकेट वोटर कार्ड के लिए हर महीने हजारों आवेदन
आगरा जिले की बात करें तो हर महीने दो से तीन हजार लोग डुप्लीकेट वोटर कार्ड के लिए आवेदन करते है। कभी कार्ड खो जाने, तो कभी खराब हो जाने की वजह से मतदाताओं को नया कार्ड बनवाना पड़ता है। नई व्यवस्था लागू होने से ऐसे मतदाताओं को भी काफी राहत मिलेगी।
पुनरीक्षण के बाद बदली मतदाता संख्या
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान से पहले जिले की नौ विधानसभा क्षेत्रों में 36 लाख मतदाता दर्ज थे। लेकिन 6 जनवरी के बाद यह संख्या घटकर 27.63 लाख रह गई है। इसके बाद अब नए मतदाताओं के लिए फोटोयुक्त पहचान पत्र बनाए जा रहे हैं। निर्वाचन आयोग का लक्ष्य है कि हर योग्य नागरिक के पास सुरक्षित और प्रमाणिक वोटर कार्ड उपलब्ध हो।
25 जनवरी को युवा मतदाताओं को मिलेगा नया कार्ड
25 जनवरी को 15 वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर आगरा के आरबीएस कॉलेज के राव कृष्ण पाल सिंह सभागार में सुबह 10 बजे से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में युवा मतदाताओं को नए वोटर कार्ड वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा जिले के 3696 बूथों पर भी मतदाता दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां मतदाताओं को मतदान की शपथ दिलाई जाएगी।
आगरा न्यूज: चुनावी व्यवस्था को मिलेगा मजबूती
निर्वाचन आयोग का मानना है कि नए वोटर कार्ड से न केवल मतदाताओं की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि चुनावी व्यवस्था भी अधिक मजबूत और भरोसेमंद बनेगी। डाक से कार्ड भेजने की व्यवस्था से यह भी सुनिश्चित होगा कि सही कार्ड सही व्यक्ति तक ही पहुंचे।
Agra News: आगरा में बोर्डर 2 का तूफान, सिनेमाघरों के बाहर लगी लंबी कतारें, कई शो हाउसफुल
Agra Crime: आगरा में रोजर फेक्ट्री चोरी का खुलासा, गर्लफ्रेंड के लिए रची गई करोड़ों की साजिश






