Agra News: राज चौहान हत्याकांड में आगरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गुरुवार की रात दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई मुठभेड़ों के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इन मुठभेड़ों में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
आगरा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तरह यह कार्रवाई थाना बमरौली कटारा और थाना एत्मादपुर क्षेत्र में की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी आरोपी राज चौहान हत्याकांड में शामिल थे और उन पर 25-25 हजार रूपये का इनाम घोषित किया गया था।
पहली मुठभेड़: बमरौली कटारा थाना क्षेत्र
गुरुवार रात थाना बमरौली कटारा क्षेत्र में पुलिस टीम नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि राज चौहान हत्याकांड में आरोपी विष्णु पंडित उर्फ भुल्ला, निवासी कालिंदी विहार, मोती कुंज, एत्मादपुर मदरा अंडरपास की ओर से आ रहा है। पुलिस टीम ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की और फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी भुल्ला के पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दूसरी मुठभेड़: एत्मादपुर थाना क्षेत्र
इसी रात एक दूसरी मुठभेड़ थाना एत्मादपुर क्षेत्र में हुई। मुखबिर की सूचना पर एत्मादपुर पुलिस ने घेराबंदी कर राज चौहान हत्याकांड में शामिल आरोपी आकाश प्रजापति, निवासी कालिंदी विहार, को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी आकाश प्रजापति के पैर में गोली लग गई। उसे भी घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।आरोपी के पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल (स्प्लेंडर) बरामद की गई है। आकाश प्रजापति पर भी 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

एक अन्य साथी भी गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ों के दौरान आरोपियों के साथ एक अन्य साथी शिवांश शर्मा उर्फ नगला किशन लाल टेडी बगिया को भी मौके से गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से भी एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए है। इस प्रकार दो अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़ों में पुलिस ने कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मौके पर मौजूद रही पुलिस टीम
मुठभेड़ के बाद थाना बमरौली कटारा क्षेत्र में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पूरे इलाके को घेराबंदी कर सील किया गया और सबूत जुटाए गए। घटनास्थल से कारतूस के खोखे और अन्य सबूत को एकत्र किए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरी कार्रवाई नियमानुसार की गई है और मामले की विधिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
राज चौहान हत्याकांड में पुलिस की सख्ती
राज चौहान हत्याकांड के बाद से आगरा पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इससे पहले भी मुख्य आरोपी अरबाज का एनकाउंटर हो चुका है। इसके बाद पुलिस ने फरार अन्य आरोपियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया था। गुरुवार रात की इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
Agra News: पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। आम जनता से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल घायल आरोपियों का इलाज चल रहा है। इलाज के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में भी दबिश दे रही है।
Agra News: नगर आयुक्त के निर्देश पर हाउस टैक्स वसूली तेज, बड़े बकायेदारों पर कड़ी कार्रवाई
राज चौहान हत्याकांड: आगरा में पुलिस मुठभेड़, मुख्य आरोपी अरबाज ढेर, दो बदमाश घायल










