Agra News: सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी 5 से 10 फरवरी तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर है। इसी क्रम में वह 10 फरवरी को आगरा आकर विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दीदार करेंगे। राष्ट्रपति की वीवीआईपी विजिट को देखने हुए 10 फरवरी को ताजमहल आम पर्यटकों के लिए करीब ढाई घंटे तक बंद रहेगा। प्रशासन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
राष्ट्रपति की यात्रा के मद्देनजर आगरा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस, सीआईएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर है। ताजमहल परिसर के साथ-साथ एयरपोर्ट से लेकर ताजमहल तक के पूरे रूट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
सुबह 9 से 11:30 बजे तक ताजमहल रहेगा बंद
प्रशासन के अनुसार, 10 फरवरी को सुबह 9 बजे से 11:30 बजे तक ताजमहल आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। इस दौरान किसी भी पर्यटक को ताजमहल परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। जो पर्यटक सुबह पहले से ताजमहल के अंदर मौजूद होंगे, उन्हें भी सुबह 9 बजे तक बाहर निकाल दिया जाएगा। राष्ट्रपति की विजिट समाप्त होने के बाद ताजमहल को दोबारा आम पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा और प्रवेश सामान्य रूप से शुरू हो जाएगा।
खेरिया एयरपोर्ट से ताजमहल तक रहेगा कड़ी सुरक्षा घेरा
सेशेल्स के राष्ट्रपति सुबह 9:20 बजे आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर विशेष विभाग से पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से उनका औपचारिक स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सुबह करीब 9:30 बजे वे खेरिया एयरपोर्ट से ताजमहल के लिए रवाना होंगे।
एयरपोर्ट से ताजमहल तक के पूरे मार्ग पर
- ट्रैफिक डायवर्जन
- चप्पे चप्पे पर पुलिस बल
- सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की गई है।
ताजमहल भ्रमण के दौरान पूरी तरह रहेगा वीवीआईपी (Agra News)
ताजमहल पहुंचने के बाद राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हार्मिनी करीब एक घंटे तक स्मारक का दीदार करेंगे। इस दौरान ताजमहल परिसर पूरी तरह से वीवीआईपी प्रोटोकॉल के तहत रहेगा। सीआईएसएफ, एएसआई और स्थानीय पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर तैनात रहेंगे। राष्ट्रपति ताजमहल के इतिहास, वास्तुकला और संरक्षण से जुड़ी जानकारी भी लेंगे।संभावना है कि वे ताजमहल के संरक्षण कार्यों की भी सराहना करेंगे।
सेशेल्स राष्ट्रपति की यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच मजबूत होते कूटनीतिक संबंधों का प्रतीक मानी जा रही है। दोनों देशों के बीच इस वर्ष राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं, ऐसे में यह यात्रा खास मानी जा रही है। भारत हिंद महासागर क्षेत्र में सेशेल्स को एक अहम रणनीतिक साझेदार मानता है। ‘विजन महासागर’ और ‘ग्लोबल साउथ’ के तहत दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार बढ़ रहा है।
आगरा प्रशासन पूरी तरह अलर्ट
आगरा जिला प्रशासन, पुलिस कमिश्नरेट और पर्यटन विभाग ने राष्ट्रपति की यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। अधिकारियों के मुताबिक, आम जनता और पर्यटकों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
Agra News: होली से पहले ट्रेन यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, वेटिंग लिस्ट 80 के पार






