Agra News: यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे बने नाले में एक विवाहिता का शव बरामद किया गया। महिला का शव कंबल में लिपटा हुआ था, जिसे देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। गांव के आसपास के लोग जब बकरी चराने के लिए एक्सप्रेसवे के पास पहुंचे, तो उन्होंने नाले में कुछ पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह किसी महिला का शव है। इसके बाद तुरंत पुलिस को फोन करके सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फील्ड यूनिट और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कंबल में लपेटकर काले टेप से बांधा गया था, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया। पुलिस ने मौके का मुआयना कर आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया और सबूत जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतका की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है और वह विवाहित थी। हालांकि, अभी तक महिला की पहचान नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
जिस तरह से शव को कंबल में लपेटकर नाले में फेका गया है, उससे यह संकेत मिलते है कि अपराध को छिपाने की कोशिश की गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया या घटना स्थल यही है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगाल रही है। इसके साथ ही यमुना एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि किसी संदिग्ध वाहन या व्यक्ति की पहचान की जा सके। पुलिस टीम एक्सप्रेसवे पर आने-जाने वाले वाहनों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। जल्द ही मृतका की पहचान कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
Agra News: मतदाता सूची में चौंकाने वाली गलती: 15 साल में पिता बनने का रिकॉर्ड, प्रशासन हैरान






