Agra News: आगरा में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 18 साल की युवती ने पिता से हुई कहासुनी में यमुना नदी में छलांग लगा दी। घटना डौकी थाना क्षेत्र के वाजिदपुर यमुना पुल के पास की बताई जा रही है। युवती को नदी में कूदते देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती अचानक पुल से नदी में कूद गई। जैसे ही लोगों ने उसे पानी में डूबते देखा, मौके पर मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस बीच, मौके पर मौजूद एक युवक ने बिना देर किए अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी।
युवक ने दिखाई साहसिकता, सुरक्षित बाहर निकाला
युवक का नाम सुखबीर बताया जा रहा है, जो वहां मजदूरी का काम करता है। सुखवीर ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत नदी में छलांग लगाई और डूब रही युवती तक पहुंच गया। काफी मशक्कत के बाद उसने युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने भी युवक की मदद की और युवती को किनारे तक लाने में सहयोग किया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने युवक की बहादुरी की जमकर सराहना की।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना केi सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत युवती को संभाला और प्राथमिक पूछताछ के बाद उसके परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवती को कोई गंभीर चोट नहीं आई है, जो राहत की बात है। हालांकि, उसे मानसिक रूप से अस्थिर बताया जा रहा है। पुलिस ने युवती को समझा बुझाकर उसके परिजनों के हवाले कर दिया है।
मानसिक स्थिति को लेकर सामने आई जानकारी (Agra News)
पूछताछ के दौरान परिजनों ने बताया कि युवती पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव से गुजर रही थी। इसी कारण उसने यह कदम उठाया हो सकता है। पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है। और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है। घटना का वीडियो किसी राहगीर ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Agra News: पहली बार आगरा में ओपन हार्ट सर्जरी, 13 वर्षीय किशोर को मिला नया जीवन







