Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा में एलपीजी गैस सिलिंडर की बुकिंग को लेकर बड़ा तकनीकी संकट सामने आया है। गैस बुकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला सर्वर अचानक भारी दबाव में आ गया, जिसके कारण उपभोक्ताओं को बुकिंग करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सर्वर की झमता प्रति सेकंड लगभग 500 कॉल संभालने की है, लेकिन मौजूदा समय में लगभग 5000 कॉल प्रति सेकंड आने लगी। इस भारी दबाव के कारण सर्वर बार-बार ठप हो रहा है और कई बार पूरी बुकिंग व्यवस्था ही बंद हो जा रही है।
इस स्थिति के चलते शहर के हजारों उपभोक्ता गैस सिलिंडर बुक करने में परेशानी हो रही है। कई लोगों ने बताया कि वे लगातार फोन कर रहे है, लेकिन बुकिंग नंबर या तो बंद मिल रहा है या फिर कॉल कट जा रही है।
IVRS नंबर बंद होने से बढ़ी परेशानी
गैस एजेंसियों के इंटरएक्टिव वॉयस रिस्पॉन्स सिस्टम (IVRS) नंबर बंद होने से उपभोक्ताओं की परेशानी और बढ़ गई है। कई लोगों का कहना है कि वे घंटों कोशिश करने के बाद भी बुकिंग नहीं करा पा रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि जब वे बुकिंग नंबर पर कॉल करते हैं तो कभी कॉल नहीं लगती, कभी गलत नंबर बताता है तो कभी कॉल अपने आप कट जाती है। इसके कारण लोगों को सीधे गैस एजेंसियों के दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। शहर के कई इलाकों में गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़ देखने को मिली, जहां लोग सिलिंडर बुक कराने या जानकारी लेने के लिए लाइन में खड़े नजर आए।
प्रशासन ने बुलाई एजेंसी संचालकों की बैठक
गैस संकट और उपभोक्ताओं की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए प्रशासन ने गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक की। इस बैठक में अधिकारियों ने साफ आदेश दिए कि उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों ने यह भी कहा कि यदि किसी एजेंसी पर कालाबाजारी या अनियमितता की शिकायत मिली तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने पर एजेंसी संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने तक की कार्रवाई हो सकती है।
व्यावसायिक सिलेंडरों की सप्लाई पर अस्थायी रोक
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने फिलहाल व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की सामान्य सप्लाई पर रोक लगा दी है। अब ये सिलिंडर केवल अस्पतालों जैसी आवश्यक सेवाओं के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस फैसले का उद्देश्य घरेलू गैस उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देना बताया गया है। हालांकि व्यापारियों का कहना है कि इससे होटल, ढाबों और छोटे कारोबारियों को परेशानी हो सकती है। व्यापार मंडल से जुड़े प्रतिनिधियों ने प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग भी की है, ताकि व्यापारिक गतिविधियों पर ज्यादा असर न पड़े।
समय से पहले बुकिंग की कोशिश भी बनी समस्या
गैस एजेंसियों का कहना है कि समस्या की एक वजह यह भी है कि कई उपभोक्ता समय से पहले ही सिलिंडर बुक करने की कोशिश कर रहे हैं। नियमों के अनुसार घरेलू गैस सिलिंडर की अगली बुकिंग लगभग 25 दिन बाद ही की जा सकती है। लेकिन कई उपभोक्ता इससे पहले ही बार-बार कॉल करके बुकिंग का प्रयास करते हैं, जिससे कॉल ट्रैफिक अचानक बढ़ जाता है और सिस्टम पर दबाव बढ़ जाता है। इस वजह से सर्वर पर कॉल की संख्या कई गुना बढ़ गई और तकनीकी समस्या पैदा हो गई।
पीएनजी कनेक्शन को लेकर भी हुई चर्चा (Agra News)
बैठक में शहर के कुछ उद्योगों और कारोबारियों ने पाइपलाइन गैस यानी पीएनजी कनेक्शन देने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि यदि पीएनजी की सुविधा बढ़ाई जाए तो सिलिंडर पर निर्भरता कम हो सकती है। अधिकारियों ने बताया कि जिन इलाकों में गैस पाइपलाइन पहले से बिछी हुई है, वहां जल्द ही नए पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराए जा सकते हैं। इससे घरेलू और व्यावसायिक दोनों उपभोक्ताओं को राहत मिल सकती है।







