Agra Crime News: आगरा में शराब तस्करी के एक बड़े मामले का ट्रांस यमुना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने हाइवे किनारे खड़े एक ट्रक से करीब 45 लाख रूपये कीमत की 415 पेटी अवैध अग्रेजी शराब बरामद की है। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए शराब की पेटियों को ट्रक में धान की भूसी के नीचे छिपाकर रखा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राजस्थान के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
धान की भूसी के नीचे छिपाकर रखी थी शराब
पुलिस के मुताबिक, ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में झरना नाले के पास फिरोजाबाद की ओर जाने वाले हाइवे पर एक ट्रक खड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रक की घेराबंदी कर जांच शुरू की। बाहर से देखने पर ट्रक में धान की भूसी भरी दिखाई दे रही थी, लेकिन पुलिस ने जब भूसी हटाई तो उसके नीचे शराब की पेटियां बरामद होने लगी। तलाशी के दौरान ट्रक से कुल 415 पेटी अवैध अग्रेजी शराब मिली। इनमें 268 पेटी रॉयल स्टैग और 147 पेटी इंपीरियल ब्लू शामिल थी। बरामद शराब की आनुमानिक कीमत 45 से 50 लाख रूपये बताई गई है।

हरियाणा से बिहार भेजी जा रही थी शराब
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि शराब को हरियाणा से लाकर बिहार पहुंचाया जाना था। तस्करी के इस पूरे नेटवर्क में शराब को सस्ते दामों पर खरीदकर दूसरे राज्य में सप्लाई करने की योजना थी। पुलिस के अनुसार , ट्रक में शराब छुपाने से लेकर उसे गंतव्य तक पहुंचाने की पूरी तैयारी की गई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रक के अलावा दो मोबाइल फोन और 4,580 रूपये भी बरामद किए है। दोनों आरोपियों की पहचान राजस्थान निवासी डालूराम और नानकराम के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आए नेटवर्क से जुड़े नाम
पुलिस की पूछताछ में शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े कुछ अन्य नाम भी सामने आए है। पुलिस के अनुसार, हरियाणा में काशी विजय सिंह और दीपक उर्फ दीप राम की भूमिका की भी जानकारी मिली है। दोनों को वांछित बताया गया है और पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। ट्रांस यमुना पुलिस का कहना है कि तस्कर काफी समय से शराब को दूसरे राज्यों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। इसके लिए ट्रक में शराब को छिपाने का तरीका अपनाया गया था, ताकि सामान्य जांच में पेटियां दिखाई न दें।
सूचना के बाद पुलिस ने रास्ते में पकड़ा ट्रक
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने मंगलवार को करीब तीन बजे पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता का पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, पिछले कई दिनों से अवैध शराब से भरे ट्रकों की आवाजाही को लेकर सूचनाएं मिल रही थी। इसी क्रम में पुलिस टीम ने सूचना को विकसित किया और ट्रक की लोकेशन मिलने के बाद कार्रवाई की। ट्रक की तलाशी में जैसे ही धान की भूसी हटाई गई, शराब की पेटियां की बड़ी खेप दिखाई देने लगी।
मास्टरमाइंड और फरार आरोपियों की तलाश (Agra Crime News)
पुलिस अब इस नेटवर्क के कथित मास्टरमाइंड और फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इससे पहले कितनी बार इसी तरीके से शराब की खेप एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाई गई। पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन और नेटवर्क से जुड़े लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।
Agra Ki News: आगरा में 42 लाख की GST चोरी का खुलासा, 3 अधिकारियों समेत 4 पर केस
Agra Crime News: गूगल से मिला सीमेंट का नंबर, कारोबारी के खाते से उड़ गए 1.01 लाख




