Agra News: आगरा में आयकर विभाग की अन्वेषण शाखा ने गुरुवार को आगरा की फाइनेंस कंपनी पैसा लो के विभिन्न परिसरों पर एक साथ सर्वे कार्रवाई की। विभाग की पांच अलग-अलग टीमों ने शहर के पांच स्थानों पर पहुंचकर वित्तीय दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और इलेक्टॉनिक उपकरणों की गहन जांच की। यह कार्रवाई दोपहर करीब 2 से 3 बजे शुरू हुई और देर रात तक जारी रही।
30 से अधिक अधिकारी रहे कार्रवाई में शामिल
सूत्रों के अनुसार, सर्वे में आयकर विभाग के 30 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। टीमों ने गांधीनगर, संजय प्लेस सहित कंपनी के अन्य कार्यालयों पर एक साथ पहुंचकर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों और अधिकारियों के मोबाइल फोन, लैपटॉप, टैबलेट समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की गई। साथ ही महत्वपूर्ण डिजिटल डेटा को सुरक्षित किया गया।
आय और लेनदेन की हो रही पड़ताल
प्रारंभिक जांच में विभाग को आशंका है कि कंपनी ने लोन कारोबार से अर्जित आय का पूरा विवरण आयकर रिटर्न में नहीं दर्शाया है। इसी आधार पर वित्तीय दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि जांच पूरी होने के बाद वास्तविक आय और घोषित आय के बीच अंतर स्पष्ट हो सकेगा।
सर्वे के दौरान अधिकारियों ने कंपनी के खातों, बैंक रिकॉर्ड, लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य वित्तीय अभिलेखों की विस्तार से जांच की। विभाग जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल डेटा का मिलान कर रहा है उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आधिकारिक बयान का इंतजार (Agra News)
फिलहाल आयकर विभाग की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वित्तीय अनियमितताओं या कर संबधी किसी गड़बड़ी के पर्याप्त साबूत मिले है या नहीं। विभाग की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया तय की जाएगी। देखना होगा कि कितनी आय की गड़बड़ी निकलती है।




