Agra Crime News: थाने से चोरी हो गया सीज ट्रक, 629 KM दूर मिला; मालिक-बेटे से पूछताछ के बाद जो हुआ, चौंकाने वाला

Published On: अगस्त 29, 2026
Follow Us & Share
Agra Crime News : थाने से ट्रक चोरी

 Agra Crime News: आगरा में थाने से ट्रक चोरी होने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एकता थाना क्षेत्र में ओवरलोडिंग के चलते सीज किया गया ट्रक थाने से गायब हो गया। पुलिस ने कई दिनों की तलाश के बाद ट्रक को करीब 629 किलोमीटर दूर सिद्धार्थ नगर से बरामद कर लिया।

मामले में पुलिस ने ट्रक मालिक और उसके बेटे को भी पकड़ा और पूछताछ की। हालांकि, बाद में दोनों को छोड़ दिया गया। खास बात यह रही कि ट्रक चोरी के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। घटना सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कराने की बात कही है।


2 अगस्त को आगरा आया था ट्रक


जानकारी के मुताबिक राजस्थान के अलवर निवासी कालूराम अपना ट्रक लेकर 2 अगस्त को आगरा आया था। एकता पुलिस चौकी क्षेत्र में यातायात चेकिंग के दौरान यात्री अधिकारी वीके आनंद ने ओवरलोडिंग के चलते ट्रक को सीज कर दिया था। ट्रक पर 69,500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। सीज करने के बाद ट्रक की चाबी एकता थाने में जमा करा दी गई। इसके बाद ट्रक को थाने में खड़ा कर दिया गया।


पांच अगस्त की रात थाने से गायब हुआ


पुलिस के मुताबिक पांच अगस्त की देर रात सीज किया गया ट्रक थाने से चोरी हो गया। ट्रक गायब होने के बाद पुलिस टीम उसकी तलाश में जुट गई। जांच के दौरान पुलिस को लखनऊ एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से ट्रक के गुजरने का सुराग मिला। इसके बाद पुलिस टीम ट्रक के पीछे लग गई और अलग-अलग टोल प्लाजा की फुटेज खंगालते हुए उसकी लोकेशन तक पहुंची।

टोल प्लाजा की सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग के आधार पर पुलिस टीम ने सिद्धार्थ नगर पुलिस की मदद ली। आखिरकार करीब 629 किलोमीटर दूर सिद्धार्थ नगर में ट्रक को बरामद कर लिया गया। ट्रक मिलने के बाद पुलिस ने उसके मालिक कालूराम और उसके बेटे को भी पकड़ लिया और दोनों से पूछताछ की।


चाय-नाश्ते के बाद छोड़ने का आरोप


मामले में सबसे चौंकाने वाली बात पूछताछ के बाद सामने आई। खबर के मुताबिक एकता आने पर पुलिस ने ट्रक मालिक और उसके बेटे को थाने में रखा, लेकिन बाद में दोनों को छोड़ दिया गया। आरोप है कि दोनों को चाय-नाश्ता कराने के बाद छोड़ दिया गया और चोरी के मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। पूछताछ में ट्रक मालिक ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा दूसरी चाबी लगाकर ट्रक को थाने से ले गया था। इसके बावजूद पुलिस ने दोनों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज नहीं किया।


RTO में जुर्माना जमा कर ट्रक कराया रिलीज


मामले में ट्रक मालिक ने बाद में आरटीओ कार्यालय में लगाया गया जुर्माना जमा किया। इसके बाद ट्रक को रिलीज करा लिया गया। घटना को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि एक सीज वाहन थाने से गायब हुआ और पुलिस ने उसे दूसरे जिले से बरामद भी कर लिया, लेकिन इसके बावजूद चोरी का मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।


डीसीपी ने जांच के दिए आदेश (Agra Crime News)


डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। अब पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित रहेगी कि सीज किया गया ट्रक थाने से बाहर कैसे गया, उसकी चाबी किसके पास थी और पूरे घटनाक्रम में किसकी भूमिका रही।

Agra News: आज पेट्रोल-डीजल भरवाने से पहले जान ले ताजा रेट, आगरा का भाव भी देखें

Manoj Sharma

मनोज शर्मा एक डिजिटल न्यूज़ राइटर हैं, जो आगरा की ताज़ा खबरें, क्राइम अपडेट्स और स्थानीय मुद्दों पर लिखते हैं। इनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुँचाना है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Posts

Leave a Comment