Agra News: गैस आपूर्ति व्यवस्था को बनाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। नए नियम के अनुसार जिन उपभोक्ताओं के घर में पाइप्ड नेचुरल गैस(PNG Connection) उपलब्ध है, वे अब घरेलू एलपीजी ( LPG Cylinders) कनेक्शन नहीं रख सकेंगे। सरकार का कहना है कि एक ही घर में दो गैस कनेक्शन होने से किसी और को गैस नहीं मिल पा रही है।
पेट्रोलियम मंत्रालय द्वारा जारी संशोधित आदेश के बाद यह स्पष्ट कर दिया गया है कि पीएनजी कनेक्शन वाले उपभोक्ता अब एलपीजी सिलेडर की बुकिंग नहीं कर पाएंगे। यदि किसी घर में पहले से दोनों कनेक्शन मौजूद है, तो उन्हें एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करना होगा। यह नियम गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और डुप्लीकेट कनेक्शन खत्म करने के उद्देश्य से लागू किया गया है।
70 हजार से ज्यादा उपभोक्ता प्रभावित
शहर में करीब 70 हजार से ज्यादा घरों में पीएनजी कनेक्शन मौजूद है। गैस एजेंसियों के मुताबिक बड़ी संख्या में ऐसे उपभोक्ता हैं जिनके पास पीएनजी के साथ-साथ एलपीजी सिलेंडर के भी कनेक्शन है। गैस कंपनियों का कहना है कि कई मामलों में उपभोक्ता पीएनजी का इस्तेमाल करने के बावजूद एलपीजी कनेक्शन को साथ रखते हैं। इससे गैस वितरण के रिकॉर्ड में गड़बड़ी पैदा होती है और एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित होती है। इसी समस्या को देखते हुए सरकार ने यह नया नियम लागू किया है।
50 हजार से ज्यादा गैस बुकिंग अटकी
रिपोर्ट के मुताबिक केवाईसी अपडेट न होने और सिस्टम अपडेट की वजह से कई शहरों में एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग भी प्रभावित हुई है। आगरा में ही करीब 50 हजार से ज्यादा गैस बुकिंग अटकने की जानकारी सामने आई है। गैस एजेंसियों के अनुसार, नए नियम लागू होने के बाद कंपनियां अपने डेटा को अपडेट कर रही हैं। जिन उपभोक्ताओं के नाम पर पीएनजी कनेक्शन दर्ज है, उनकी एलपीजी बुकिंग फिलहाल रोकी जा सकती है।
नया नियम क्या कहता है
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब एक ही घर में पीएनजी और एलपीजी दोनों गैस कनेक्शन रखना संभव नहीं होगा। यदि किसी उपभोक्ता के पास पीएनजी कनेक्शन है तो वह एलपीजी सिलेंडर लेने का अधिकार नहीं रहेगा। गैस कंपनियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने रिकॉर्ड की जांच करें और ऐसे उपभोक्ताओं की पहचान करें जिनके पास दोनों कनेक्शन मौजूद हैं। ऐसे मामलों में उपभोक्ताओं को एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करने के लिए कहा जाएगा।
क्यों लिया गया यह फैसला
यह फैसला गैस वितरण प्रणाली को संतुलित बनाने के लिए लिया गया है। देश में अभी भी कई ग्रामीण और शहरों के इलाकों में पाइप्ड गैस की सुविधा नहीं पहुंची है। ऐसे क्षेत्रों में एलपीजी सिलेंडर ही मुख्य ईंधन है। यदि शहरों में रहने वाले लोग दोनों कनेक्शन रखते हैं तो इससे सिलेंडर की मांग बढ़ जाती है और जरूरतमंद लोगों तक गैस की आपूर्ति प्रभावित होती है। इसलिए सरकार ने डुप्लीकेट गैस कनेक्शन खत्म करने का निर्णय लिया है।
उपभोक्ताओं की बढ़ी चिंता (Agra News)
हालांकि इस फैसले के बाद कई उपभोक्ताओं ने चिंता भी जताई है। उनका कहना है कि कई बार तकनीकी खराबी या गैस सप्लाई रुकने की स्थिति में एलपीजी सिलेंडर बैकअप के रूप में काम करना है। ऐसे में दोनों विकल्प होना सुविधाजनक रहता है। लेकिन गैस कंपनियों का कहना है कि पीएनजी नेटवर्क को लगातार मजबूत किया जा रहा है और सप्लाई बाधित होने की संभावना बहुत कम है। इसलिए उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
Agra News: ताजमहल परिसर में मधुमक्खियों का हमला, कुछ देर के लिए रोक गया प्रवेश







