---Advertisement---

Agra News: आगरा में LPG बुकिंग पर नया नियम: सुबह-रात ही होगी सिलेंडर बुकिंग

Published On: March 12, 2026
Follow Us
Agra News: आगरा गैस सिलेंडर बुकिंग समय बदलाव
---Advertisement---

Agra News: आगरा में इन दिनों एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है। गैस एजेंसियों ने सिलेंडर बुकिंग के समय में बदलाव कर दिया है, जिसके बाद हजारों परिवारों को गैस बुकिंग कराने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। नई व्यवस्था के अनुसार अब फोन के माध्यम से गैस सिलेंडर की बुकिंग केवल सुबह 5 बजे से 7 बजे तक और रात 8 बजे से 12 बजे तक ही की जा सकेगी।

गैस एजेंसियों द्वारा जारी इस नए समय को लेकर शहर के उपभोक्ताओं में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि दिनभर बुकिंग बंद रहने से गैस खत्म होने के बाद भी तुरंत बुकिंग कर पाना मुश्किल हो गया है।

गैस एजेंसियों के अनुसार शहर में इन दिनों सर्वर संबंधी समस्या और लगातार बढ़ रही बुकिंग के कारण यह कदम उठाया गया है। पहले उपभोक्ता पूरे दिन फोन के माध्यम से सिलेंडर बुक कर सकते थे, लेकिन अब बुकिंग के लिए समय सीमित कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक लगभग 13 घंटे बुकिंग बंद रहेगी। इस दौरान उपभोक्ता फोन के जरिए गैस सिलेंडर की बुकिंग नहीं करा पाएंगे। इससे खासकर उन लोगों को ज्यादा परेशानी हो रही है जिनके घर में अचानक गैस खत्म हो जाती है।

आगरा शहर में करीब 50 हजार से अधिक एलपीजी उपभोक्ता ऐसे बताए जा रहे हैं जिनके घरों में गैस सिलेंडर नहीं पहुंच पाया है। कई लोगों की बुकिंग अटक गई है तो कई उपभोक्ताओं को बुकिंग ही नहीं हो पा रही है। आगरा शहर में कुल एलपीजी उपभोक्ताओं की संख्या लगभग 13 लाख बताई जा रही है। इनमें से करीब एक लाख उपभोक्ताओं की बुकिंग प्रक्रिया प्रभावित हुई है। वहीं एक लाख से अधिक उपभोक्ता ऐसे भी हैं जिन्होंने अभी तक केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं कराई है, जिसके कारण उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बुकिंग में आ रही दिक्कतों के कारण कई उपभोक्ता सीधे गैस एजेंसी और गोदामों तक पहुंच रहे हैं। सुबह से ही एजेंसी कार्यालयों के बाहर लोगों की भीड़ देखी जा रही है। कई उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं। हालांकि एजेंसी संचालकों का कहना है कि बिना बुकिंग के सिलेंडर उपलब्ध कराना संभव नहीं है। ऐसे में लोगों को पहले बुकिंग करनी ही होगी।

अधिकारियों का कहना है कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। गोदामों में पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध हैं। समस्या केवल सर्वर और बुकिंग सिस्टम की वजह से आ रही है। अधिकारियों के मुताबिक कई उपभोक्ता अनावश्यक रूप से बार-बार बुकिंग करने की कोशिश कर रहे हैं। इससे सर्वर पर दबाव बढ़ रहा है और सिस्टम प्रभावित हो रहा है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि जरूरत होने पर ही सिलेंडर की बुकिंग करें।

ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन के पदाधिकारियों के अनुसार जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग सफल हो रही है उन्हें 24 घंटे के भीतर गैस सिलेंडर की डिलीवरी दी जा रही है। बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को डीएससी नंबर जारी किया जाता है। इसी नंबर के आधार पर सिलेंडर की आपूर्ति की जाती है। यदि बुकिंग नंबर जारी नहीं होता है तो सिलेंडर की डिलीवरी भी संभव नहीं होती।

अगर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है या बुकिंग में समस्या आ रही है तो वे संबधित कंपनियों के ग्राहक सेवा नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते है। इंडेन और एचपी गैस ग्राहक सेवा टोल फ्री नंबर – 18002333555 और भारत गैस ग्राहक सेवा टोल फ्री नंबर – 1800224344 इन नंबरों पर कॉल करके उपभोक्ता अपनी समस्या दर्ज करा सकते है।

गैस एजेंसियों और अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे घबराहट में बार-बार बुकिंग करने से बचें। इससे सर्वर पर दबाव बढ़ता है और सिस्टम धीमा हो जाता है। साथ ही जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं कराई है, उन्हें जल्द से जल्द केवाईसी कराने की सलाह दी गई है ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न हो।

Agra News: आगरा में गैस बुकिंग के लिए मारामारी, कैसे सर्वर बैठने से बढ़ी परेशानी

Manoj Sharma

मनोज शर्मा एक डिजिटल न्यूज़ राइटर हैं, जो आगरा और उत्तर प्रदेश की ताज़ा खबरें, क्राइम अपडेट्स और स्थानीय मुद्दों पर लिखते हैं। इनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुँचाना है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment