आगरा न्यूज: रक्षाबंधन पर मायके आने वाली बहनों और त्योहार के बाद घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए आगरा रोडवेज ने बसों के फेरे बढ़ा दिए हैं। शनिवार और रविवार को यात्रियों की सुविधा के लिए अलग-अलग रूटों पर अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी। इन दो दिनों में करीब 539 बसें सड़कों पर चलेंगी। रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक रक्षाबंधन के दौरान आगरा के बस अड्डों पर यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ जाती है। खासकर ईदगाह और आईएसबीटी बस अड्डों पर बाहर से आने और वापस लौटने वाले यात्रियों की भीड़ अधिक रहती है। इसी को देखते हुए स्थानीय और लंबी दूरी के रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं।
66 घंटे की निशुल्क यात्रा के बाद बढ़ी भीड़
महिलाओं के लिए 66 घंटे की निशुल्क बस यात्रा की सुविधा शनिवार रात 12 बजे समाप्त हो गई। इसके बाद ईदगाह और आईएसबीटी बस अड्डों पर घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी। यात्रियों की संख्या बढ़ती देख क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने स्थानीय रूटों पर अतिरिक्त बसें लगाने के निर्देश दिए। रोडवेज की कोशिश है कि त्योहार के बाद यात्रियों को बसों के लिए ज्यादा देर तक इंतजार न करना पड़े।
इन रूटों पर बढ़ाए गए बसों के फेरे
यात्रियों की भीड़ को देखते हुए आगरा से आसपास के शहरों और कस्बों के लिए भी अतिरिक्त बसें लगाई गई हैं। प्रमुख रूटों पर बसों का संचालन इस प्रकार रहेगा—
- आगरा-बाह मार्ग: 35 बसें
- पिनाहट: 22 बसें
- आगरा-फिरोजाबाद-शिकोहाबाद: 48 बसें
- आगरा-एटा: 35 बसें
- आगरा-सादाबाद-हाथरस-अलीगढ़: 40 बसें
- आगरा-मथुरा: 22 बसें
- आगरा-धौलपुर: 32 बसें
- आगरा-जगनेर-तांतपुर: 34 बसें
- आगरा-मैनपुरी: 25 बसें
- मथुरा-नौझील-बाजना: 28 बसें
- मथुरा-गोवर्धन-बरसाना: 28 बसें
- स्थानीय रूटों पर: 134 बसें
दिल्ली रूट पर सबसे ज्यादा जोर
त्योहार के बाद लंबी दूरी से लौटने वाले यात्रियों की संख्या को देखते हुए आगरा-दिल्ली रूट पर सबसे ज्यादा बसों का जोर रखा गया है। शनिवार और रविवार को इस रूट पर 55 बसें चलाने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आगरा-मुरादाबाद रूट पर 8 बसें संचालित होंगी।
वहीं मथुरा-जयपुर-टनकपुर और मथुरा-टनकपुर रूट पर दो-दो बसें चलाई जाएंगी। रोडवेज के मुताबिक लंबी दूरी के रूटों को मिलाकर रोजाना करीब 241 बसें संचालित की जा रही हैं। अधिकारियों ने एआरएम को निर्देश दिए हैं कि यात्रियों की भीड़ के हिसाब से बसों का संचालन किया जाए, ताकि किसी रूट पर यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
बस अड्डों पर यात्रियों की बढ़ी भीड (आगरा न्यूज)
रक्षाबंधन के मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं और परिवार अपने घर पहुंचे थे। निशुल्क यात्रा की अवधि समाप्त होने के बाद अब यही यात्री अपने गंतव्य की ओर वापस लौट रहे हैं। इसके चलते आगरा के प्रमुख बस अड्डों पर भीड़ दिखाई दे रही है। रोडवेज ने भीड़ वाले रूटों पर अतिरिक्त बसों के साथ फेरे बढ़ाने की व्यवस्था की है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की संख्या के अनुसार बसों को रूट पर भेजा जाएगा। इससे बस अड्डों पर भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को समय पर बस उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
Agra News: आगरा में डिलीवरी के बाद 24 वर्षीय महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा






