Agra News: छत के रास्ते घुसे चोर, फैक्ट्री की तिजोरी तोड़कर ले गए कैश और जेवरात

Published On: January 21, 2026
Follow Us & Share
Agra News: रोजर शू इंडस्ट्रीज सिकंदरा आगरा

Agra News: आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में स्थित रोजर शू इंडस्ट्रीज लिमिटेड में रविवार रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। चोर फैक्ट्री की तिजोरी तोड़कर लाखों रूपये की नकदी के साथ सोना, चांदी और हीरे के कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी सोमवार सुबह मिलने ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि चोर रविवार देर रात फैक्ट्री की छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने पहले ताले तोड़े और फिर सीधे तिजोरी को निशाना बनाया। तिजोरी में रखी नकदी और जेवरात निकालकर आरोपी फरार हो गए। चोरी की यह वारदात बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई, जिससे पुलिस को आशंका है कि चोरों को फैक्ट्री की पूरी जानकारी पहले से थी।

सोमवार सुबह जब फैक्ट्री मालिक को चोरी की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत सिकंदरा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने फैक्ट्री परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया है, जिसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे है।

फैक्ट्री मालिक ने पुलिस को बताया कि तिजोरी में करीब 55 लाख रूपये नकद, सोना-चांदी और हीरे के जेवरात रखे थे। हालांकि, पुलिस जांच में यह बात सामने आ रही है कि चोरी गई नकदी 65 लाख रूपये से अधिक हो सकती है और जेवरात की कीमत भी कहीं ज्यादा बताई जा रही है। पुलिस चोरी गए माल का सही आकलन करने में जुटी हुई है।

पुलिस ने जांच के दौरान कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

इस बड़ी चोरी में पुलिस को फैक्ट्री के किसी कर्मचारी की भूमिका होने का शक है। पुलिस का मानना है कि इतनी बड़ी रकम और जेवरात की जानकारी सिर्फ फैक्ट्री के कर्मचारियों को ही थी। इसी कारण पुलिस कर्मचारियों की कॉल डिटेल खंगाल रही है और उनके आपसी संपर्कों की भी जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी से पहले किस-किस से कर्मचारियों की बातचीत हुई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री के आसपास के इलाकों में भी तलाशी अभियान चलाया। पड़ोस के घरों के दरवाजों पर पुलिस तैनात रही और किसी को भी बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस अभियान में पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में बटेश्वर क्षेत्र से दो सगे भाइयों को पकड़ा गया है। उनके पास से नकदी, एक सूटकेस और चोरी गया कुछ सामान बरामद किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस चोरी में और कौन-कौन शामिल है।

फैक्ट्री मालिक दीपक निवासी लाजपत कुंज, ने पुलिस को बताया कि उनकी रोजर शू इंडस्ट्रीज लिमिटेड नाम से जूता फैक्ट्री है। उस समय कोठी में निर्माण कार्य चल रहा था, जिस कारण परिवार दूसरी जगह रह रहा था। घर में रखे पत्नी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान को सुरक्षित समझकर फैक्ट्री की तिजोरी में रखा गया था। फैक्ट्री में हर समय गार्ड तैनात रहते हैं और सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं।

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि चोरी के मामले में अहम सुराग मिले है। सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ तकनीकी सबूत के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर चोरी किया पूरा माल बरामद कर लिया जाएगा।

Agra Latest News: आगरा में ट्रैफिक का तांडव, हाइवे और माल रोड रेंगते रहे वाहन

Manoj Sharma

मनोज शर्मा एक डिजिटल न्यूज़ राइटर हैं, जो आगरा और उत्तर प्रदेश की ताज़ा खबरें, क्राइम अपडेट्स और स्थानीय मुद्दों पर लिखते हैं। इनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुँचाना है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Posts

Leave a Comment