Agra News: देशभर में 77वां गणतंत्र दिवस देशभक्ति के साथ मनाया गया। इसी क्रम में आगरा पुलिस लाइन मैदान में गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन हुआ, जहां मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। तिरंगे की शान में आयोजित इस समारोह में पुलिस बल, ट्रैफिक पुलिस, एनसीसी, फायर ब्रिगेड सहित विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने अनुशासन और शौर्य का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
सुबह से ही पुलिस लाइन परिसर को तिरंगे के रंगों से सजाया गया था। मैदान में देशभक्ति गीतों की गूंज और परेड की तैयारी ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान के साथ समारोह की शुरुआत हुई। इसके पश्चात आगरा पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, महिला पुलिस, एनसीसी कैडेट्स और अन्य सुरक्षा बलों की टुकड़ियों ने कदमताल करते हुए परेड निकाली। परेड का निरीक्षण करते हुए कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने जवानों का उत्साहवर्धन किया।

परेड के दौरान पुलिस के बैंड दल ने देशभक्ति धुनों की प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा। इसके अलावा स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में बेबी रानी मौर्य ने आगरा पुलिस आयुक्त और पुलिस बल की सराहना करते हुए कहा कि आगरा पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ समाज में विश्वास का माहौल कायम किया है। उन्होंने बताया कि ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की गई है। हाल ही में एक व्यापारी की चोरी के मामले में तीन दिन के भीतर करीब आठ करोड़ रूपये की चोरी का खुलासा कर अपराधियों को पकड़ना पुलिस की सक्रियता को दर्शाता है।
कैबिनेट मंत्री ने साइबर अपराध को वर्तमान समय की बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि इससे निपटने के लिए प्रत्येक थाने में साइबर हेल्प डेस्क और साइबर थाने की व्यवस्था की गई है। इससे साइबर फ्रॉड के मामलों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा रहा है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से अपील की कि आम जनता, विशेषकर महिलाओं के साथ थानों में संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए, ताकि लोग बिना डरे अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।

बेबी रानी मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे देश की स्वतंत्रता, संविधान और संप्रभुता का प्रतीक है। यह दिन हमें अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है और देश की सुरक्षा व विकास के लिए एकजुट होकर काम करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भारत की जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया है और सरकार निरंतर युवाओं के लिए नए अवसर ला रही है। इस वर्ष संविधान के 150 वर्ष पूरे होने की दिशा में बढ़ते कदम भी देश के लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान करते है।
कार्यक्रम के अंत में संयुक्त परेड और तिरंगे के रंगों की आतिशबाजी ने सभी का मन मोह लिया। पूरा मौदान ‘भारत माता की जय ‘ और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा। गणतंत्र दिवस का यह आयोजन न केवल अनुशासन और शौर्य का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकता, विश्वास और देशभक्ति का संदेश भी देकर गया।
Agra News: आगरा में दिल दहला देने वाला हत्याकांड: प्रेमी ने शक में प्रेमिका को मौत के घाट उतारा






