Agra News: आगरा रेलवे मंडल में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद रेलवे प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अवैध वेंडरों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू कर दिया है। पोस्ट रेलवे सुरक्षा बल (RPF) आगरा कैंट द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध वेंडरों और दो किन्नरों को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।
पूरा मामला
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान 10 दिनों तक लगातार चलाया जाएगा, जिसमें स्टेशन और ट्रेनों में अवैध रूप से सामान बेचने वालों पर नजर रखी जा रही है। बीते कुछ समय से यात्रियों की ओर से ओवरचार्जिंग, खराब गुणवत्ता के खाने और अवैध वसूली की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए रेलवे द्वारा अभियान शुरू किया गया है।
शनिवार को आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के कई प्लेट फॉर्मो पर गहरी जांच की गई। इस दौरान दो अवैध वेंडर बिना लाइसेंस के खाद्य सामग्री बेचते हुए पाए गए। पूछताछ में वे कोई जवाब या दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके अलावा दो किन्नर भी यात्रियों से जबरन पैसे वसूलते हुए पकड़े गए। सभी आरोपियों को मौके से हिरासत में लेकर पोस्ट RPF आगरा कैंट लाया गया, जहां उनके खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
रेलवे प्रशासन ने साफ किया है कि बिना लाइसेंस के स्टेशन या ट्रेनों में किसी भी प्रकार की बिक्री पूरी तरह बंद है। इसके बावजूद कई लोग नियमों को नजरअंदाज कर अवैध रूप से व्यापार कर रहे हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार ऐसे वेंडर यात्रियों से मनमाने दाम वसूलते हैं और खराब गुणवत्ता का सामान बेचते हैं। अधिकारियों का कहना है कि सबसे बड़ी समस्या यह है कि आम यात्री असली और नकली वेंडरों में अंतर नहीं कर पाते।
कई बार अवैध वेंडर खुद को अधिकृत बताकर यात्रियों को गुमराह कर देते हैं। इसी का फायदा उठाकर वे ज्यादा कीमत वसूलते हैं और शिकायत होने पर मौके से फरार हो जाते हैं। पिछले कुछ दिनों में रेलवे को मिली शिकायतों में यह भी सामने आया था कि कुछ किन्नर यात्राओं से जबरन पैसे मांगते है और मना करने पर अभद्र व्यवहार करते है। इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए भी RPF द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे है। शनिवार की कार्रवाई इसी दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
RPF ने चलाया अभियान (Agra News)
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पी.राज मोहन के आदेश पर यह विशेष अभियान 25 मार्च से शुरू किया गया है, जो 5 अप्रैल तक जारी रहेगा। इस दौरान सभी पोस्ट प्रभारी और आउट पोस्ट प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिए गए है कि वे नियमित जांच करें और अवैध गतिविधियां में लोगों के खिलाफ तुरंत कारवाई सुनिश्चित करें। अभियान के दौरान प्रतिदिन की जा रही कार्रवाई की रिपोर्ट कंट्रोल रूम को भेजी जा रही है।
जिससे पूरे अभियान की निगरानी की जा सके। इस अभियान में RPF की कई टीमें की सक्रिय भूमिका है, जिसमें एसआई गुलशन, महिला कांस्टेबल रमा, हेड कांस्टेबल एल.के शर्मा और कांस्टेबल जितेंद्र सहित अन्य स्टाफ शामिल है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे केवल अधिकृत वेंडरों से ही सामान खरीदें और किसी भी अनजान गतिविधि की सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन या RPF को दें। इससे न केवल अवैध वेंडरों पर रोक लगेगा, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा भी सुनिश्चित हो सकेगी।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित यात्रा अनुभव प्रदान करना है, जिसके लिए इस तरह के कदम जरूरी हैं।









