Agra News: आम आदमी पार्टी (AAP) ने आगामी दिनों में उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने के संकेत देते हुए आगरा से एक बड़ी पदयात्रा का ऐलान किया है। पार्टी के नेताओं का कहना है कि यह पदयात्रा केवल संगठन विस्तार तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों से जोड़ा जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने इस दौरान भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी और युवाओं की समस्याएं लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर गंभीर नहीं है। उन्होंने दावा किया कि AAP की यह पदयात्रा आम जनता की आवाज को सड़क से संसद तक पहुंचने का माध्यम बनेगी।
9 अप्रैल तक तीन जिलों में पदयात्रा
AAP की यह पदयात्रा आगरा से शुरू होकर मथुरा और हाथरस तक जाएगी। पार्टी के अनुसार, 9 अप्रैल तक यह यात्रा तीनों जिलों में जनसंपर्क अभियान के रूप में चलेगी। इस दौरान कार्यकर्ता गांव गांव और शहरों में जाकर लोगों से सीधे बातचीत करेंगे। पदयात्रा के केंद्र में युवाओं का रोजगार बड़ा मुद्दा रहेगा। पार्टी ने सवाल उठाया है कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार देने में सरकार क्यों असफल रही है। आम आदमी पार्टी नेताओं ने कहा कि अगर सरकार नौकरी देने में सक्षम नहीं है तो कम से कम बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए।
शिक्षक भर्ती और आरक्षण पर सवाल
इस पदयात्रा के दौरान 69 हजार शिक्षक भर्ती का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जा रहा है। पार्टी का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण से जुड़ी अनियमितताएं हुई है, जिससे कई योग्य अभ्यार्थियों को नुकसान हुआ। AAP नेताओं ने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पार्टी ने सांसद राघव चड्ढा से जुड़े मुद्दे को भी उठाया है। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि इस मामले में संसद में विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की गई। इसको लेकर पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
केजरीवाल के सिपाही डरने वाले नहीं (Agra News)
संजय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अरविंद केजरीवाल के कार्यकर्ता डरने वाले नहीं है और वे जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा है कि AAP कार्यकर्ता हर हाल में जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करेंगे। इस पदयात्रा को उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी के संगठन को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है। पार्टी का मानना है कि लगातार जनसंपर्क और जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाकर वह आगामी चुनावों में अपनी स्थिति को बेहतर बना सकती है।
Agra Crime: आगरा में मंदिर से दिनदहाड़े चोरी, 5 घंटे में आरोपी गिरफ्तार






