Agra News: आगरा शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और बाहरी रूट की बसों को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया सेटेलाइट बस अड्डा यात्रियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। जून महीने में यहां से 3.56 लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की। यह आंकड़ा बताता है कि नई व्यवस्था का असर केवल यात्रियों की सुविधा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शहर के प्रमुख मार्गो और आईएसबीटी पर भी यातायात का दबाव कम करने में मदद मिली है।
एक जून से शुरू हुई नई व्यवस्था
रोडवेज प्रशासन ने एक जून से फाउंड्री नगर स्थित सेटेलाइट बस अड्डे को पूरी तरह सक्रिय किया। इसके बाद अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और उत्तराखंड सहित कुल नौ प्रमुख रूटों की करीब 250 बसों का संचालन यहीं से किया जाने लगा। इन बसों का आईएसबीटी तक प्रवेश रोक दिया गया, जिससे शहर के भीतर अनावश्यक बसों की आवाजाही कम हुई।
प्रतिदिन पहुंचे लगभग 12 हजार यात्री
जून महीने के दौरान प्रतिदिन औसतन 12 हजार यात्रियों ने सेटेलाइट बस अड्डे का उपयोग किया। पूरे महीने में कुल 3.56 लाख से अधिक यात्रियों के पहुंचने के साथ यह आगरा के प्रमुख बस अड्डों में दूसरे स्थान पर पहुंच गया। सबसे अधिक यात्रियों की संख्या अब भी आईएसबीटी पर दर्ज की गई, लेकिन सेटेलाइट बस अड्डे की बढ़ती लोकप्रियता नई व्यवस्था की सफलता को दर्शाती है।
हाईवे और शहर के अंदर कम हुआ ट्रैफिक दबाव
नई व्यवस्था लागू होने के बाद अलीगढ़ रूट की बसो का शहर के अंदर प्रवेश बंद हो गया। इससे अब्दुल उल्लाह दरगाह कट, वाटर वर्क्स चौराहा और रामबाग जैसे व्यस्त इलाकों में भारी वाहनों का दबाव पहले की तुलना में कम हुआ है। इससे ना केवल ट्रैफिक सुचारू हुआ बल्कि यात्रियों का समय भी बचने लगा। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सेटेलाइट बस अड्डे और आईएसबीटी के बीच फिलहाल पांच सिटी बसों का संचालन किया जा रहा है। ये बसें सिकंदरा चौराहे तक यात्रा को जोड़ती है। अधिकारियों का कहना है कि यदि यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती रही तो भविष्य में सिटी बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
सुविधाओं के विस्तार की तैयारी: (Agra News)
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार सेटेलाइट बस अड्डे पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए आगे और विकास कार्य करे जाएंगे। यात्री प्रतीक्षालय, बेहतर यातयात प्रबन्धन और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार भी प्रस्तावित है। अधिकारियों का मानना है कि इससे आने वाले समय में और अधिक यात्रियों को लाभ मिलेगा।
Agra Weather: आगरा में उमस से राहत के आसार, आज बारिश और तेज हवाओ का अलर्ट








