Agra Crime: आगरा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपने पति की हत्या करने, शव को घर के बाथरूम में दफनाने और उसके ऊपर प्लास्टर व टाइल्स लगवाकर सबूत मिटने का आरोप है। इतना ही नहीं, महिला करीब 45 दिनों तक पति के लापता होने की कहानी सुनाकर परिवार और पुलिस को गुमराह करती रही। पुलिस की जांच में मामला खुलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
18 मई से लापता था पति
मृतक की पहचान 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे और आगरा के सिकंदरा क्षेत्र स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। परिवार के अनुसार, सुरेंद्र 18 मई से लापता थे। 26 मई को उनकी पत्नी ने ही थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी और लगातार यही कहती रही कि उसके पति का कोई पता नहीं चल रहा।
पुलिस की जांच में खुला राज
शुक्रवार को पुलिस पुराने मामले में सत्यापन और पूछताछ के लिए घर पहुंची। पूछताछ के दौरान महिला के जवाब और व्यवहार पर पुलिस को संदेह हुआ। इसी बीच मृतक के भाई ने भी कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने घर की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान बाथरूम के फर्श पर शक होने पर खुदाई कराई गई। खुदाई में फर्श के नीचे दफन सुरेंद्र शर्मा का शव बरामद हुआ। इसके बाद मौके पर पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया।
हत्या के बाद लगवाई थी टाइल्स
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हत्या के बाद शव को बाथरूम में दफनाकर ऊपर से मिट्टी डाली गई, ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद प्लास्टर कराया गया और नई टाइल्स लगवाई गई, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस का मानना है कि इस पूरी वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका हो सकती है। इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सख्ती से पूछताछ के दौरान महिला ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि शव को छिपाने के लिए पहले से ही मिस्त्री और मजदूर बुलाकर बाथरूम का काम कराया गया था। हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह और पूरी घटना की कड़ियाँ अभी जांच के दायरे में हैं।
भाई ने बताए अहम तथ्य: (Agra Crime)
मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि सुरेंद्र शराब पीते थे, जिस कारण पति- पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। लापता होने के बाद अलग-अलग बातें बताई। आखिरकार पुलिस की जांच में पूरा मामला सामने आ गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी










