Agra News: आगरा के प्रमुख व्यवसायिक क्षेत्र संजय प्लेस में पिछले सात दिनों से पानी का संकट बना हुआ है। संजय प्लेस स्थित पानी की टंकी के पास जलकल विभाग द्वारा पाइप लाइन डालने और मरम्मत का कार्य किया जा रहा है, जिसके चलते आसपास के कई इलाकों में जल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। पानी न मिलने से स्थानीय लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पाइप लाइन कार्य के चलते सेंट पीटर स्कूल से पानी की टंकी चौहाहे तक की सड़क को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया गया है। सड़क पर भारी बैरिकेडिंग लगा दी गई है, जिससे वाहनों को लंबा रास्ता तय कर निकलना पर रहा है। या फिर रॉन्ग राइट से निकलना पड़ रहा है। इसका सीधा असर संजय प्लेस में यातायात व्यवस्था पर देखने को मिल रहा है। सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बनी रहती है और लोग समय पर अपने ऑफिस तक नहीं पहुंच पा रहे है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बैरिकेडिंग के कारण रोजाना जाम लग रहा है। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, व्यापारी और छात्र सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। संजय प्लेस जैसे व्यस्त इलाके में सड़क बंद होने से ट्रैफिक का दबाव अन्य सड़कों पर भी बढ़ गया है।
जलकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पानी की मुख्य पाइप लाइन में खराबी आ गई थी, जिसके चलते यह मरम्मत कार्य किया जा रहा है। जलकल अधिकारी ने बताया कि पाइप लाइन मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है और इसे आज रात तक पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्य पूरा होते ही पाइप लाइन में पानी की सप्लाई चालू कर दी जाएगी।
पानी की आपूर्ति बाधित होने से फुहारा, कोतवाली, बेलनगंज, टीला माईथान, रकाबगंज, छीपीटोला सहित कई इलाकों के लोग प्रभावित हैं। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को पीने और नहाने धोने के लिए पानी बाहर से मंगवाना पड़ रहा है। कई परिवार टैंकर के सहारे दिन गुजार रहे हैं, तो कई लोग दूर-दराज के इलाकों से पानी लाने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले 7 से 8 दिनों से घरों में पानी नहीं आ रहा है। नहाने, खाना बनाने और पीने तक के लिए पानी की भारी किल्लत है। उन्होंने कहा कि जलकल विभाग में कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं मिला। हालांकि अधिकारियों द्वारा यह आश्वासन दिया गया है कि आज पानी की सप्लाई चालू कर दी जाएगी।
वहीं व्यापारियों का कहना है कि संजय प्लेस में पानी की कमी का सीधा असर उनके कामकाज पर भी पड़ रहा है। होटल, रेस्टोरेंट और ऑफिसों में पानी की समस्या गंभीर बनी हुई है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और बिगड़ सकती है।
जलकल विभाग ने लोगों से अपील की है कि जब तक जल आपूर्ति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक पानी का उपयोग सोच-समझकर करें और अनावश्यक बर्बादी से बचें। विभाग का कहना है कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही सप्लाई को सही तरीके से चालू किया जाएगा, ताकि किसी भी इलाके में दोबारा ऐसी समस्या न आए।
Agra News: राज चौहान हत्याकांड: दो जगह मुठभेड़, 25-25 हजार के इनामी आरोपी दबोचे गए






