Agra News: आगरा में एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के इलाके में सोमवार देर शाम को बीच सड़क एक कार को रोककर उस पर पथराव किया गया। हमले में कार सवार लोग घायल हो गए। घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें साफ तौर पर युवकों की दबंगई और खुलेआम कानून को चुनौती देते हुए देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि हमलावरों की संख्या 15 के करीब थी, जिन्होंने अचानक कार को घेर लिया और उस पर पथराव शुरू कर दिशा। अचानक हुए इस हमले से इलाक़े में अफरा-तफरी मच गई। कार के शीशे टूट गए और अंदर बैठे लोगों को चोटें आई। किसी तरह जान बचाकर पीड़ित मौके से निकल पाए।
थाने से लौटते समय हुआ हमला
राहुल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने भाई और एक दोस्त के साथ ट्रांस यमुना थाने में आधार कार्ड की कॉपी जमा कराने गया था। थाने से वापस लौटते समय अचानक कुछ युवकों ने कार को रोक लिया। इससे पहले कि कुछ समझ पाते, आरोपियों ने कार पर पथराव शुरू कर दिया। घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह युवक दौड़-दौड़कर कार पर पत्थर फेंक रहे हैं। कुछ युवक लाठी-डंडों के साथ भी नजर आ रहे हैं। वीडियो में इलाके की सड़क, खड़ी बाइकें और इधर-उधर भागते लोग दिखाई दिए पुलिस का कहना है कि पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस के पहुंचते ही आरोपी ने किया फेसबुक LIVE
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। इसके बाद पुलिस एक आरोपी शिब्बू चौधरी के घर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी ने फेसबुक पर LIVE वीडियो बनाना शुरू कर दिया और पुलिस को गंदी-गंदी गालियां देने लगा। आरोपी ने LIVE वीडियो में पुलिस से अभद्रता की और कहा कि पुलिस वाले मेरे घर आए हैं, मैं सबकी ऐसी-तैसी कर दूंगा। आरोपी नशे की हालत में नजर आ रहा था और लगातार पुलिस को उकसाने की कोशिश कर रहा था। पुलिसकर्मियों ने संयम दिखाते हुए आरोपी को शांत रहने के लिए कहा, लेकिन वह उल्टा पुलिस पर ही नशे में होने का आरोप लगाने लगा।
LIVE वीडियो के दौरान आरोपी क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह का नाम लेकर पुलिस को धमकाता रहा। उसने कहा कि तुम सबको दिक्कत हो जाएगी। इस दौरान पुलिस पूरे मामले का वीडियो रिकॉर्ड करती रही ताकि सबूत सुरक्षित रह सकें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
पुलिस ने दर्ज की FIR, 6 नामजद
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पथराव और पुलिस से अभद्रता करने के मामले में 6 आरोपियों को नामजद किया गया है।
- मंजीत सिसौदिया
- शिब्बू ठाकुर
- मनीष यादव
- हरदेव ठाकुर
- मोहित
- रुद्र
लोग शामिल है। इसके अलावा अन्य अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और CCTV फुटेज को सबूत के रूप में जांच में शामिल किया गया है। थाना ट्रांस यमुना पुलिस के अनुसार, जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने साफ किया है कि किसी भी दबंग या अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस का सख्त संदेश (Agra News)
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी। सोशल मीडिया पर LIVE आकर पुलिस को गालियां देना और धमकाना भी अपराध की श्रेणी में आता है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
Agra News: सुप्रीम कोर्ट के आदेश से हिला राजामंडी बाजार, 60 दुकानों पर कार्रवाई की तैयारी







