Agra Accident News: आगरा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार से आ रही एक मैक्स गाड़ी ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो में सवार एक महिला की मौके पर ही मौत, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मंडी समिति के पास हुआ हादसा
यह हादसा ट्रांसयमुना क्षेत्र में मंडी समिति के पास नेशनल हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि शुक्रवार करीब चार बजे एक ऑटो टुंडला की ओर जा रहा था। उसी दौरान रामबाग की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही मैक्स गाड़ी ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद ऑटो में बैठे लोग सड़क पर गिर पड़े और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद महिला सड़क पर करीब 15 मिनट तक तड़पती रही। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। हालांकि तब तक महिला ने दम तोड़ दिया। इस दौरान ऑटो चला रहा उसका बेटा सोनू भी घायल अवस्था में मां को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन उसकी हालत भी गंभीर थी।
पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी महिला
पुलिस के अनुसार मृतक महिला की पहचान 50 वर्षीय मिथिलेश के रूप में हुई है। वह फरीदाबाद के खेड़ीपुल इलाके की रहने वाली थीं। बताया जा रहा है कि मिथिलेश अपने बेटे सोनू के साथ टुंडला के पास एक गांव में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रही थीं। रास्ते में मंडी समिति के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया और परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।
परिजनों के अनुसार मिथिलेश के पति सूरजपाल सिंह की करीब दो साल पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। पति के निधन के बाद मिथिलेश ही परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। वह घरों में खाना बनाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करती थीं। ऐसे में उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बेटा गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती (Agra Accident News)
हादसे में ऑटो चला रहा उनका बेटा सोनू भी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर गया और दर्द से कराहता रहा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। फिलहाल सोनू का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद मैक्स चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Agra News: सोशल मीडिया पर फैल रही पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह, जानिए क्या है सच्चाई










