Agra News: आगरा में मेट्रो परियोजना को लेकर यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने पहले कॉरिडोर में मेट्रो संचालन की समयसीमा में बदलाव करते हुए अब जुलाई की जगह जून में ही ट्रायल और संचालन शुरू करने का लक्ष्य तय किया है। मंगलवार को यूपीएमआरसी की टीम ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।
फिलहाल आगरा के मेट्रो के अप और डाउन ट्रैक पर परीक्षण जारी है। अधिकारियों का कहना है कि छह किलोमीटर लंबे प्राथमिक सेक्शन पर मेट्रो संचालन शुरू होने से शहरवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। यह ट्रैक आईएसबीटी स्टेशन से मनकामेश्वर स्टेशन के बीच तैयार किया जा रहा है। इस रूट के चालू होने से यात्रियों को टीडीआई मॉल फतेहाबाद रोड तक बेहतर और तेज कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
यूपीएमआरसी के अधिकारियों के अनुसार पहले कॉरिडोर की कुल लंबाई करीब 14 किलोमीटर है। इसमें लगभग साढ़े सात किलोमीटर का हिस्सा भूमिगत बनाया जा रहा है। भूमिगत स्टेशन और ट्रैक का निर्माण तेजी से जारी है। निर्माण कार्य में देरी की वजह से पहले जुलाई तक संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अब काम की गति बढ़ने के बाद इसे जून तक पूरा करने की तैयारी की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त महाप्रबंधक जनसंपर्क पंचानन मिश्र ने बताया कि संबधित स्टेशनों पर तेजी से कार्य चल रहा है। अप और डाउन लाइन पर लगातार ट्रायल किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों की गति 60 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक रखने की योजना है। इसके लिए ट्रैक और सिगनल सिस्टम की लगातार जांच की जा रही है।
मेट्रो परियोजना के दूसरे कॉरिडोर पर भी काम तेज कर दिया गया है। सिकंदरा तिराहा और नेशनल हाईवे-19 के पास निर्माण गतिविधियां बढ़ाई गई है। अधिकारियों का दावा है कि दोनों कॉरिडोर पर समान गति से काम किया जा रहा है ताकि भविष्य में पूरे शहर को आधुनिक मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जा सके। इसके अलावा डीआरएम कार्यालय से मेट्रो के प्लेटफॉर्म नंबर छह को जोड़ने की तैयारी भी चल रही है।
यात्रियों की आजावाही आसान बनाने के लिए यहां विशेष रैंप तैयार किया जाएगा। इससे रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशन के बीच बेहतर कनेक्टिविटी मिलगी और यात्रियों को आवागमन में सहूलियत होगी। आगरा मेट्रो परियोजना को शहर के ट्रैफिक दबाव को कम करने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। ताजमहल और फतेहाबाद रोड जैसे प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों तक मेट्रो पहुंचने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।
Agra News: आगरा में बड़ा हादसा: यमुना में नहाते समय 6 बच्चे डूबे, 3 की मौत एक लापता






