Agra News: कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित बल्केश्वर मंदिर के सामने यमुना नदी में नहाने गए 6 बच्चे गहरे पानी डूब गए। इस हादसे से तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे की तलाश जारी है। घटना के बाद परिवारों में कोहराम मच गया और जन्मदिन की खुशियां पलभर में मातम में बदल गई। एत्माद्दौला क्षेत्र के विद्यापुरम निवासी सौरभ की बेटी नित्या का जन्मदिन था। जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रिश्तेदारी से कई बच्चे आए हुए थे। सुबह गर्मी के कारण सभी बच्चे बल्केश्वर मंदिर के सामने यमुना नदी में नहाने पहुंच गए।
शुरूआती में बच्चे किनारे पर नहा रहे थे, लेकिन कुछ ही देर में सभी गहरे पानी की तरह चले गए और डूबने लगे। घटना को देखकर घाट पर मौजूद लोगों में अफरा तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस, राहत टीम और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंच गए। बचाव अभियान शुरू किया गया और काफी मशक्कत के बाद पांच बच्चों को नदी से बाहर निकाल लिया गया।
इन बच्चों में महक (19), अंशु (20), कान्हा (22), रिया (17) और काजल (17) शामिल थे। गंभीर हालत में सभी को एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी भेजा गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद महक, कान्हा और रिया को मृत घोषित कर दिया। वही अंशु और काजल की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। हादसे में लापता 11 वर्षीय विक्की की तलाश के लिए पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।

घटना के बाद मृतकों के परिवारों का रो रोकर बुरा हाल है। मौके पर मौजूद महिलाओं और परिजनों की चीख पुकार सुनकर हर किसी की आँखें नम हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी घात पर पहुंच गए। क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने भी घटनास्थल पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और प्रशासनिक अधिकारियों से राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।
लापता विक्की के पिता राकेश ने बताया कि उनका बेटा चार बेटियों के बाद बड़ी मन्नतों से पैदा हुआ था। उन्होंने कहा कि परिवार जन्मदिन समारोह में शामिल होने आया था, लेकिन किसी की अंदाजा नहीं था कि यह दिन जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन जाएगा। पिता की आंखों में आशू और परिवार की चीखे वहां मौजूद लोगों को भावुक कर गई। डीसीपी सिटी ने बताया कि पुलिस और राहत टीम लगातार मौके पर तैनात है। नदी में गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान चलाया जा रहा है।






