Agra News: आगरा के संजय प्लेस स्थित फ्रेड्स टावर के बेसमेंट में शनिवार सुबह फ्लेक्स के गोदाम में अचानक आग लग गई। गोदाम से धुआं उठता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही संजय प्लेस फायर स्टेशन से दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। बताया गया कि फ्रेंड्स टावर के बेसमेंट श्याम सुंदर माहेश्वरी का फ्लेक्स का गोदाम है। सुबह करीब छह बजे बेसमेंट की तरफ से धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद लोगों ने इसकी जानकारी दुकान स्वामी को दी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।
बेसमेंट में धुआं भरने से बढ़ी दमकलकर्मियों की परेशानी
आग बेसमेंट के अंदर लगी होने के कारण दमकलकर्मियों को आग तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। बेसमेंट में धुआं इतना अधिक भर गया था कि टीम को ऑक्सीजन मास्क लगाकर अंदर जाना पड़ा। इसके बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि बेसमेंट तक पहुंचने का रास्ता दुकान के अंदर से होकर जाता था। इसी वजह से आग की स्थिति का पता लगाने और राहत कार्य शुरू करने में चुनौती सामने आई। दमकलकर्मियों ने सावधानी के साथ अंदर पहुंचकर आग बुझाई।
समय रहते आग पर पाया काबू (Agra News)
गनीमत रही कि आग बेसमेंट में ही सीमित रही और समय रहते उस पर काबू पा लिया गया। अगर आग तेजी से फैलती तो की दुकानों तक पहुंचने का खतरा था। संजय प्लेस में बड़ी संख्या में दुकानें और व्यवसायिक प्रतिष्ठान हैं, ऐसे में आग के फैलने पर नुकसान काफी बढ़ सकता था। जानकारी के मुताबिक आग से फ्लेक्स और गोदाम में रखा सामान जलने से लाखों रूपये के नुकसान की बात सामने आई है। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है। हालांकि आग से हुए वास्तविक नुकसान और कारण की पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बेसमेंट में बने हैं कई गोदाम, सुरक्षा पर उठे सवाल
संजय प्लेस में कई व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के बेसमेंट का इस्तेमाल गोदाम के तौर पर किए जाने की बात सामने आई है। ऐसे स्थानों पर आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की स्थिति में बड़ा खतरा पैदा हो सकता है। फ्रेंड्स टावर के बेसमेंट में लगी आग के बाद एक बार फिर बेसमेंट में चल रहे गोदामों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। खासकर ऐसे गोदाम जहां ज्वलनशील या आसानी से आग पकड़ने वाला सामान रखा जाता है, वहां अग्निशमन उपकरण और सुरक्षित निकासी व्यवस्था होना बेहद जरूरी है।
फिलहाल दमकल टीम ने आग पर काबू पा लिया है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है। आग से हुए नुकसान और आग लगने के वास्तविक कारण की जांच की जा रही है।
Agra News: आगरा में बंटवारा’ फिल्म पर बवाल, योगी यूथ ब्रिगेड ने सनी देओल-आमिर खान के पोस्टर जलाए




