Agra Crime News: दुल्हन की शादी को हुए सिर्फ 5 दिन, फिर ऐसा कांड की परिवार पहुंचा कोर्ट

Published On: August 18, 2026
Follow Us & Share
Agra News: आगरा में शादी के बाद फरार दुल्हन

Agra Crime News: आगरा में शादी के महज पांच दिन बाद एक नवविवाहिता के घर से जेवर और नकदी लेकर गायब होने का मामला सामने आया है। परिवार का आरोप है कि दुल्हन अपने साथ 11 लाख रूपये कीमत के जेवर और नकदी लेकर चली गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला तो परिवार ने शादी कराने वाले बिचौलिये से संपर्क किया। आरोप है कि बिचौलिये ने मदद करने के बजाय परिवार को ही धमकाना शुरू कर दिया।

मामला आगरा के आवास विकास कॉलोनी, सेक्टर-14 से जुड़ा बताया गया है। परिवार की शिकायत के अनुसार, घटना के बाद पुलिस से संपर्क किया गया, लेकिन तत्काल सुनवाई नहीं होने पर कोर्ट की शरण ली गई। अदालत के आदेश के बाद मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।

रिश्ते की तलाश के दौरान बिचौलिये से हुआ संपर्क

परिवार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-14 निवासी गुड्डी देवी के तीन बेटे हैं। छोटे बेटे राहुल की शादी पहले ही हो चुकी थी। बड़े बेटे विष्णु के लिए परिवार लंबे समय से रिश्ता तलाश रहा था। इसी दौरान शादी कराने वाले जवाहर सिंह से संपर्क हुआ। आरोप है कि जवाहर सिंह ने परिवार को प्रयागराज की रहने वाली प्रीति के बारे में बताया। परिवार का कहना है कि प्रीति के पिता नहीं हैं और उसके भाई को बिचौलिया जनता था। परिवार के अनुसार, बिचौलिये ने शादी के खर्च को लेकर भी परिवार को भरोसा दिया। उसकी बातों पर विश्वास करते हुए विष्णु और प्रीति का रिश्ता तय हो गया।

27 जून को घर पर हुई शादी (Agra Crime News)

परिवार के मुताबिक, 27 जून 2026 को घर पर ही शादी की रस्में पूरी की गई। शादी के बाद प्रीति नवविवाहिता के रूप में ससुराल में रहने लगी। शिकायत में आरोप लगाया है कि शादी से पहले युवती के भाई की ओर से शादी का सामान खरीदने के नाम पर करीब डेढ़ लाख रूपये की मांग की गई थी। परिवार ने एक लाख रूपये नकद और 50,500 रूपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। शादी के बाद परिवार को उम्मीद थी कि अब सब कुछ सामान्य रहेगा, लेकिन पांच दिन बाद ही मामला पूरी तरह बदल गया।

पांच दिन बाद अचानक गायब हुई दुल्हन

परिवार का कहना है कि 3 जुलाई की सुबह सास ने प्रीति को चाय के लिए आवाज दी। इसके बाद पता चला कि वह घर में मौजूद नहीं है। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। जब घर में रखे सामान की जांच की गई तो परिवार के अनुसार करीब चार तोला सोने और एक किलो चांदी के जेवर गायब मिले। आरोप है कि इनमें मंगलसूत्र, सोने की अंगूठियाँ, चांदी का कमरबंद और पायल शामिल थे।

इसके अलावा बहु के मुंह दिखाई में मिले करीब 16 हजार रूपये तथा छोटी बहु के सोने के आभूषण और अन्य सामान भी गायब होने की बात शिकायत में कही गई है। विष्णु के मुताबिक, नकदी और जेवर मिलाकर करीब 11 लाख रूपये का नुकसान हुआ।

बिचौलिये पर धमकी देने का आरोप

दुल्हन के गायब होने के बाद परिवार ने शादी कराने वाले बिचौलिये जवाहर सिंह से संपर्क किया। शिकायत के अनुसार, बिचौलिये ने फोन पर कहा कि पुलिस में शिकायत ना करें और वह युवती को वापस लेकर आएगा। परिवार का आरोप है कि कई दिनों तक इंतजार करने के बावजूद दुल्हन वापस नहीं आई और बिचौलिया भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। इसके बाद कथित तौर पर परिवार को धमकी दी गई कि यदि शिकायत की गई तो उन्हें ही लड़की को गायब करने के मामले में फंसा दिया जाएगा। इससे परेशान होकर परिवार थाने पहुंचा और शिकायत करने की कोशिश की। आरोप है कि वह भी तत्काल सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद परिवार ने अदालत का दरवाजा खटखटाया।

कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज हुई FIR

परिवार की ओर से कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिए जाने के बाद मामले में एफआईआर दर्ज की गई। शिकायत में दुलहन के फरार होने के साथ शादी कराने वाले बिचौलिये की भूमिका और कथित धमकी का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। पुलिस दुल्हन की तलाश के साथ शादी कराने वाले बिचौलिये की भूमिका की भी जांच कर रही है।

पुलिस कर रही दुलहन और बिचौलिये की तलाश

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस लापता दुलहन की तलाश कर रही है और शादी कराने वाले बिचौलिये के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल मामले में परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। दुल्हन के मिलने और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी

Agra News: रक्षाबंधन पर आगरा से दिल्ली-जयपुर जाने वालों के लिए बड़ी खबर, 75 अतिरिक्त बसें चलेंगी

Agra Crime News: आगरा कैंट में मोबाइल चोर गिरफ्तार, 10 फोन बरामद

Manoj Sharma

मनोज शर्मा एक डिजिटल न्यूज़ राइटर हैं, जो आगरा और उत्तर प्रदेश की ताज़ा खबरें, क्राइम अपडेट्स और स्थानीय मुद्दों पर लिखते हैं। इनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुँचाना है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Posts

Leave a Comment