भाई को राखी बांधने जा रही थी महिला
जानकारी के अनुसार, महिला अपने मायके फतेहाबाद क्षेत्र के फरेरा गांव में भाई को राखी बांधने जा रही थी। रास्ते में वह पिनाहट क्षेत्र के भदरौली कस्बे में एक चाऊमीन की दुकान पर रुकी थी। जल्दबाजी में महिला अपना पर्स वहीं भूल गई और आगे निकल गई। कुछ दूर जाने के बाद जब महिला को पर्स की याद आई तो उसके होश उड़ गए। पर्स में सोने की चेन, मंगलसूत्र, कानों के झाले, नाक की बाली, चांदी की कमरबंद और मोबाइल फोन रखा हुआ था। महिला के मुताबिक, सामान की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये थी। पर्स गायब होने की जानकारी मिलते ही महिला ने भदरोली चौकी और पिनाहट पुलिस को सूचना दी।
CCTV फुटेज से मिला पर्स का सुराग
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम सक्रिय हो गई। चौकी प्रभारी ने महिला से उसके आने-जाने का पूरा रास्ता जाना और भदरौली बाजार में लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू कराई। पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से भी पर्स की तलाश शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि महिला का पर्स चाऊमीन की दुकान पर ही छूट गया था। दुकानदार ने पर्स को सुरक्षित अपने पास रख लिया था।
दुकानदार ने सुरक्षित रखा था पर्स
पुलिस जब दुकान तक पहुंची तो दुकानदार के पास महिला का पर्स सुरक्षित मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने पर्स को अपने कब्जे में लेकर उसका सत्यापन कराया और महिला को थाने बुलाया। जांच पूरी होने के बाद पर्स महिला को सौंप दिया गया। पर्स के अंदर महिला के सभी जेवर, मोबाइल फोन और अन्य सामान सुरक्षित था।
सामान वापस पाकर भावुक हुई महिला (Agra News)
कीमती सामान वापस मिलने के बाद महिला की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उसने आगरा पुलिस और पिनाहट थाना पुलिस का आभार जताया। महिला ने कहा कि अगर पर्स नहीं मिलता तो रक्षाबंधन का त्योहार उसके लिए बेहद परेशानी भरा हो जाता। पुलिस की तत्परता और CCTV फुटेज की मदद से कुछ ही घंटों में पर्स बरामद होने से महिला को बड़ी राहत मिली। वहीं, दुकानदार की ईमानदारी की भी सराहना की जा रही है, जिसने पर्स मिलने के बाद उसमें रखा सामान सुरक्षित रखा और पुलिस के पहुंचने पर उसे सौंप दिया।
Agra Crime News: आगरा कैंट ट्रॉली बैग हत्याकांड में बड़ा खुलासा, 350 CCTV से खुली कड़ी






