Agra Crime News: आगरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी 17 साल की नाबालिग बेटी की कथित तौर पर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बेटी का पड़ोस में रहने वाले एक युवक से पिछले कुछ समय से अफेयर चल रहा था। इसी बात को लेकर घर में तनाव बना हुआ था। घटना के बाद आरोपी पिता ने खुद पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया।
सोते समय गला दबाने का आरोप
मामला थाना एकता क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, पिता ने अपनी बेटी को घर में सोते समय गला दबाकर मारने की बात स्वीकार की है। इसके बाद उसके सिर और गर्दन पर धारदार हथियार से कई वार किए जाने की बात भी सामने आई है। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर में जांच की तो किशोरी का शव बेड पर पड़ा मिला। उसके सिर और गर्दन पर चोट के निशान बताए गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बेटी के अफेयर से नाराज था पिता
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार गांव पचगाईं खेड़ा का रहने वाला है। पिता सीमेंट की दुकान चलाता है। घर में उसकी पत्नी और बेटी रहती थीं, जबकि बड़ा बेटा गुरुग्राम में नौकरी करता है।
बताया जा रहा है कि 17 वर्षीय बेटी ने 12वीं तक पढ़ाई की थी। पिछले करीब चार साल से उसका पड़ोस में रहने वाले एक युवक से संपर्क था। इसी रिश्ते को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था।
दो दिन पहले घर से चली गई थी बेटी
जानकारी के अनुसार, 1 सितंबर की रात करीब 8 बजे किशोरी घर से चली गई थी। पिता ने इसकी सूचना पुलिस को दी और एफआईआर दर्ज कराई गई। अगले दिन सुबह किशोरी वापस घर आ गई। पुलिस के अनुसार, इसके बाद किशोरी को थाने ले जाकर उसके बयान दर्ज कराए गए और मेडिकल भी कराया गया। उसने पुलिस को बताया था कि वह घर में झगड़ा होने के बाद चली गई थी और बाद में खुद वापस आ गई।
पिता ने खुद पुलिस को दी हत्या की सूचना
घटना के बाद आरोपी पिता खुद थाने पहुंचा और पुलिस को अपनी बेटी की हत्या की जानकारी दी। उसने बताया कि बेटी बेड पर सो रही थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तो किशोरी मृत अवस्था में मिली। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार (Agra Crime News)
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और चोटों की स्थिति को लेकर तस्वीर और साफ होगी। पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और किशोरी के युवक के साथ संबंध तथा परिवार में चल रहे विवाद समेत सभी पहलुओं को जांच में शामिल किया गया है।
SSC JE 2026: 1,748 पदों पर जूनियर इंजीनियर भर्ती शुरू, आवेदन से पहले जानें जरूरी बातें






