Agra Crime News: आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र में मंगलवार को 40 लाख रूपये की कथित लूट की सूचना ने पुलिस महकमे में हड़कम मचा दिया। सादाबाद के एक सराफा कारोबारी ने दावा किया कि बाइक सवार बदमाशों ने उससे 40 लाख रूपये से भरा बैग लूट लिया है। हालांकि पुलिस ने तेजी से जांच करते हुए महज तीन घंटे में पूरे मामले का खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि लुट की कहानी पूरी तरह फर्जी थी और कारोबारी ने भारी कर्ज से बचने के लिए यह साजिश रची थी।
दो घंटे बाद दी लुट की सूचना
पुलिस के अनुसार सादाबाद निवासी सराफा कारोबारी रामवीर ने मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे सूचना दी कि खंदौली क्षेत्र में बगल घूंसा के पास बाइक सवार बदमाशों ने उससे 40 लाख रूपये लुट लिए। उसने बताया कि वह किनारी बाजार चांदी खरीदने जा रहा था और उसके बैग में 40 लाख रूपये रखे थे। आरोप था कि बदमाशों ने उसे रोककर गिराया और रूपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। सूचान मिलते ही थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
पूछताछ में बदलता रहा बयान
पुलिस अधिकारियों को शुरूआती जांच में कारोबारी की कहानी पर संदेह हुआ। पूछताछ के दौरान वह बार-बार अपना बयान बदलता रहा। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरी सच्चाई स्वीकार कर ली। पूछताछ में सामने आया कि कारोबारी पर करीब 60 लाख रूपये का कर्ज था। इसमें कुछ रकम बैंक और कुछ अन्य कारोबारियों की थी। आर्थिक दबाव के चलते उसने फर्जी लुट की कहानी बनाकर कर्ज और भुगतान से बचने की योजना तैयार की थी।
सीसीटीवी जांच से खुला राज: (Agra Crime News)
जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। कारोबारी ने दावा किया था कि वह दो बैग लेकर निकला था, लेकिन फुटेज में दूसरा बैग दिखाई नहीं दिया। इसके बाद पुलिस का शक और गहरा गया। जांच में यह भी सामने आया कि जिस व्यक्ति से कारोबारी रूपये लेकर आया था, उसने वह बैग पहले ही उधारी चुकाने के लिए किसी अन्य व्यक्ति को दे दिया था। यानी जिस बैग में रूपये होने का दावा किया जा रहा था, वह उसके पास था ही नहीं।
बैग भी बरामद, कानूनी कार्रवाई की तैयारी
पुलिस ने कारोबारी द्वारा बताए गए बैग को भी बरामद कर लिया। अधिकारियों का कहना है कि फर्जी लुट की सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने और सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग करने के मामले में संबंधित कारोबारी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना की झूठी सूचना देना गंभीर अपराध है। इससे वास्तविक मामलों की जांच प्रभावित होती है और पुलिस बल का समय भी व्यर्थ होता है। इस पूरे मामले में आगरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते कुछ ही घंटों में सच्चाई सामने आ गई और कथित लूट की कहानी का पर्दाफाश हो गया।
Agra News: बुद्ध पार्क निर्माण पर बवाल, AAP ने लगाए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप







