Agra Crime News:`आगरा जिले के पिनाहट थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर अपनी ही मां के खाने में जहर मिलाने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपनी पत्नी को मायके से वापस लाना चाहता था। आरोप है कि पत्नी की मां ने बेटी को भेजने से पहले ऐसी शर्त रख दी, जिसके बाद युवक ने यह खौफनाक कदम उठा लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मामले में नामजद सास की तलाश जारी है।
पत्नी को लेने गया था ससुराल
पुलिस के अनुसार पिनाहट क्षेत्र के बरपुरा गांव निवासी रणवीर सिंह के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। छोटे बेटे रविंद्र की शादी करीब दो वर्ष पहले फतेहाबाद क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। करीब एक माह पहले उसकी पत्नी मायके चली गई थी और वापस नहीं लौटी। इसी बीच 8 जुलाई को रवींद्र पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा। जांच में सामने आया कि ससुराल में पत्नी को भेजने से इनकार कर दिया गया।
आरोप है कि इसी दौरान उसकी सास ने कथित रूप से कहा कि यदि वह अपनी मां की हत्या कर देगा तो बेटी को वापस भेज दिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक युवक को जहर की पुड़िया भी दी गई। इसके बाद घर लौटने पर उसने मौके का फ़ायदा उठाकर मां के लिए बने छोले में जहर मिला दिया। खाना खाने के कुछ देर बाद महिला की तबियत बिगड़ गई और परिजन उन्हें अस्पताल ले गए।

अस्पताल में खुला राज: (Agra Crime News)
महिला को इलाज के लिए आगरा के एस.एन. मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों को महिला ने बताया कि खाने में कुछ गड़बड़ी थी। जांच में जहरीले पदार्थ की आशंका सामने आने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पूछताछ में आरोपी युवक टूट गया और उसने पूरा घटनाक्रम पुलिस के सामने स्वीकार कर लिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला के पति रणवीर सिंह ने पिनहाट थाने में बेटे के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी रविंद्र को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के आधार पर मामले में आरोपी की सास को भी नामजद किया गया है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस कर रही है आगे की जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। महिला का उपचार जारी है और डॉक्टरों की निगरानी में उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है। वहीं, फरार आरोपी महिला की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें सक्रिय हैं। मामले में उपलब्ध साबूत और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Agra News: आगरा में नकली दवाओं का बड़ा खेल बेनकाब, 14 थोक कारोबारियों पर केस दर्ज










