Agra news: आगरा शहर में मेट्रो परियोजना तेजी से अपने अगले चरण की ओर बढ़ रही है। शनिवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) ने बिजलीघर चौराहा से आरबीएस कॉलेज स्टेशन तक दोनों ट्रैक पर हाई स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा किया। इस दौरान मेट्रो ट्रेन को 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाकर स्पीड, कम्युनिकेशन सिस्टम और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई। अधिकारियों के अनुसार परीक्षण पूरी तरह सफल रहा और सभी सिस्टम तय मानकों के अनुरूप कार्य करते मिले।
चार भूमिगत स्टेशनों पर भी हुई जांच
हाई स्पीड ट्रायल के दौरान मेट्रो ट्रेन निर्धारित मार्ग स्थित चार भूमिगत स्टेशनों पर भी रुकी। यहां विशेषज्ञों ने सिगनलिंग, संचार व्यवस्था, प्लेटफॉर्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरणों की जांच की। परीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी खामी सामने नहीं आई, जिससे परियोजना की प्रगति को लेकर अधिकारियों ने संतोष जताया।
दूसरे चरण की तैयारियों की मिली गति
आगरा मेट्रो का पहला कॉरिडोर ताज पूर्वी गेट से सिकंदरा तक लगभग 14 किलोमीटर लंबा है। पहले चरण में पूर्वी गेट से बिजलीघर चौराहा तक छह किलोमीटर के हिस्से में मेट्रो का संचालन शुरू किया जा चुका है। अब बिजलीघर चौराहा से आरबीएस कॉलेज तक करीब साढ़े चार किलोमीट और आगे आईएसबीटी स्टेशन तक डेढ़ किलोमीटर का ट्रैक तैयार होने के बाद परीक्षण तेज कर दिए गए है। इस नए हिस्से में कुल पांच स्टेशन शामिल है, जिनमें चार भूमिगत और एक एलिवेटेड स्टेशन है। ट्रायल सफल रहने के बाद अब आगे की तकनीकी और सुरक्षा स्वीकृतियों की प्रक्रिया को भी गति मिलने की उम्मीद है।
नियमित अंतराल पर हो रहे हैं ट्रायल
यूपीएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि मेट्रो परियोजना के विभिन्न हिस्सों पर नियमित अंतराल में ट्रायल किए जा रहे हैं। प्रत्येक परीक्षण का उद्देश्य ट्रेन की अधिकतम गति, सिगनलिंग, संचार प्रणाली और सुरक्षा मानकों की जांच करना है। अब तक हुए सभी परीक्षण सफल रहे है, जिससे परियोजना निर्धारित समय के अनुसार आगे बढ़ रही है।
बैरिकेडिंग हटाने का काम भी जारी: (Agra News)
मेट्रो निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंचने के साथ ही शहर के कई हिस्सों में बैरिकेडिंग हटने का काम भी शुरू कर दिया गया है। नेशनल हाइवे और एमजी रोड के आसपास तेजी से बैरिकेड हटाए जा रहे है। इसके बाद सड़कों के सुंदरीकरण का कार्य किया जाएगा। डिवाइडर को ऊंचा बनाया जाएगा और मेट्रो पिलरों पर आकर्षक चित्रकारी भी कराई जाएगी, ताकि शहर की सुंदरता में और वृद्धि हो सके।
Agra News: आगरा में PM आवास योजना ने बढ़ाई उम्मीद, 21 हजार आवेदनों का सत्यापन शुरू









