Agra News: यमुना एक्सप्रेसवे दोनों किनारों पर विकसित किए जा रहे न्यू आगरा अर्बन सेंटर को आधुनिक परिवहन और लॉजिस्टिक्स सुविधाओं से लैस किया जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकाश प्राधिकरण (यीडा) की मास्टर प्लान – 2041 योजना के तहत यह महत्वाकांक्षी परियोजना 44 गावों में विकसित होगी। इस योजना का उद्देश्य आगरा को एक नए आर्थिक, औद्योगिक और आवासीय केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
प्राधिकरण की योजना के अनुसार न्यू आगरा अर्बन सेंटर में मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब और लॉजिस्टिक्स हब बनाए जाएंगे। इससे रेल, मेट्रो, बस और सड़क परिवहन को एक ही स्थान पर जोड़ा जाएगा। यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, जबकि व्यापार और माल ढुलाई भी अधिक सुगम होगी
एक ही स्थान पर मिलेगी सभी परिवहन सुविधाएं
न्यू आगरा अर्बन सेंटर में रेलवे टर्मिनल, मेट्रो स्टेशन और बस स्टैंड को आपस में जोड़ा जाएगा। इससे यात्रियों को शहर और आसपास क्षेत्रों तक पहुंचने में आसानी होगी। सार्वजनिक परिवहन के लिए लाइट रेल ट्रांजिट (LRT) और प्रमुख क्षेत्रों के लिए पर्सनल रैपिड ट्रांजिट (पीआरटी) विकसित करने की भी योजना है। इस परियोजना से आगरा, नोएडा, जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी को और मजबूत किया जाएगा। हाई स्पीड रेल कॉरिडोर की संभावनाओं को भी योजना में शामिल किया गया है।
ई – कॉमर्स और कृषि उत्पादों के लिए बनेगा वितरण केंद्र
न्यू आगरा अर्बन सेंटर में एक बड़ा लॉजिस्टिक हब विकसित किया जाएगा, जो ई-कॉमर्स कंपनियों और कृषि उत्पादों के भंडारण और वितरक का प्रमुख केंद्र बनेगा। ईस्टन डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के पास प्रस्तावित यह केंद्र माल परिवहन को तेज और किफायती बनाएगा। इससे स्थानीय किसानों, व्यापारियों पे उद्योगों को लाभ मिलेगा। आगरा और आसपास के जिलों के उत्पाद देश के विभिन्न हिस्सों तक तेजी से पहुंच सकेंगे।
100 मीटर चौड़ी सड़क से जुड़ेगा ट्रांसपोर्ट हब
यमुना एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्ग -19 को जोड़ने के लिए 100 मीटर चौड़ी मुख्य सड़क बनाई जाएगी। इसके अलावा 45, 60, 80 और 100 मीटर चौड़ी सड़कों का नेटवर्क विकसित किया जाएगा। ये सड़के नए शहर के विभिन्न सेक्टरों को आपस में जोड़ेगी। मुख्य ट्रांसपोर्ट हब तक पहुंच का प्रमुख मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग -509 (मुरादाबाद- आगरा मार्ग) रहेगा। इससे क्षेत्रीय और अंतरराज्यीय परिवहन को नई गति मिलेगा।
यीडा के अनुसार न्यू आगरा अर्बन सेंटर का विकास तीन चरणों में किया जाएगा। प्रत्येक चरण लगभग पांच वर्ष का होगा। पहले चरण में यमुना एक्सप्रेसवे के पश्चिमी हिस्से में विकास कार्य शुरू होंगे। दूसरे चरण में पूर्वी क्षेत्र और तीसरे चरण उत्तरी भाग को विकसित किया जाएगा।
14 लाख लोगों का आवास, 10 लाख को रोजगार (Agra News)
मास्टर प्लान- 2041 के तहत विकसित होने वाले इस नए शहर में लगभग 14 लाख लोगों के लिए आवासीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही करीब 10 लाख लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है। न्यू आगरा अर्बन सेंटर के विकसित होने से आगरा क्षेत्र में औद्योगिक निवेश बढ़ेगा, आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार होगा और शहर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
Agra News: बिना नक्शा पास कर विकसित हो रही कॉलोनी पर एडीए सख्त, सड़क और बाउंड्री ध्वस्त







