Agra News: आगरा जिले के खंदौली थाना क्षेत्र स्थित ब्लू व्हेल वाटर पार्क में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां नहाने पहुंचे 9 वर्षीय मासूम की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजनों ने वाटर पार्क के कर्मचारियों और संचालक पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, वाटर पार्क को बंद कराया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
दोस्तों के साथ घूमने गया था बच्चा
जानकारी के अनुसार, छोटा गुड़ा गांव निवासी 9 वर्षीय अभी अपने चचेरे भाई और गांव के अन्य बच्चों के साथ ब्लू व्हेल वाटर पार्क घूमने गया था। सभी बच्चे स्विमिंग फूल में नहा रहे थे। इसी दौरान अभी गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई। बताया जा रहा है कि काफी देर बाद बच्चे को पानी से बाहर निकाया गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया।
कर्मचारियों पर लगे गंभीर आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि हादसे के समय वाटर पार्क के कर्मचारी तत्काल राहत और बचाव कार्य करने के बजाए वीडियो बनाने में व्यस्त रहे। उनका कहना है कि यदि समय रहते बच्चे को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जाता, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में वाटर पार्क पहुंचे और संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
संचालक के खिलाफ दी गई तहरीर
मृतक के पिता ने खंदौली थाने में वाटर पार्क संचालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया है कि पार्क में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। परिजनों का कहना है कि मौके पर प्रशिक्षित लाइफगार्ड मौजूद नहीं थे और न ही सुरक्षा व्यवस्था मानकों के अनुरूप थी। ग्रामीण ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में कई स्विमिंग पूल बिना आवश्यक सुरक्षा मानकों के संचालित हो रहे है, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का दावा है कि इसी वाटर पार्क में करीब एक वर्ष पहले भी डूबने से एक बच्चे की मौत हुई थी। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में कोई प्रभावी सुधार नहीं किया गया। इस कारण घटना के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
पुलिस ने शुरू की जांच (Agra News)
घटना केi सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है वाटर पार्क में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं तथा कर्मचारियों की भूमिका क्या रही। जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Agra Metro News: ISBT से ताज ईस्ट गेट तक जल्द दौड़ेगी मेट्रो







