Agra News: आगरा के फतेहाबाद कस्बे के मल्लाह टोला निवासी रामरतन की मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब वह रविवार रात अपने ससुराल क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए चार पहिया वाहन से जा रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
शादी समारोह में पहुंचने से पहले हुआ हमला
जानकारी के अनुसार रामरतन अपने ससुराल गांव की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि शादी स्थल से करीब एक किलोमीटर पहले अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली उसकी जांघ में लगी। कुछ देर बाद उसका शव सड़क किनारे वाहन के बाहर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक सबूत जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने लगाया साजिश के तहत हत्या का आरोप
मृतक के भाई भगवानदास ने हत्या को सुनियोजित साजिश बताया है। उनका आरोप है कि साहू प्रकाश निवासी मातापुर और ससुर रामदीन ने इस वारदात को अंजाम दिलाया। परिवार का कहना है कि दोनों ने करीब आठ दिन पहले रामरतन को जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों का आरोप है कि उसी धमकी के बाद इस घटना को अंजाम दिया गया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ नामजद करवाई कि मांग करते हुए पुलिस को तहरीर भी सौंपी है।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और फारेंसिक सबूत भी जुटाए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके से मिले सबूत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों सहित हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Agra News: आगरा में PM आवास योजना ने बढ़ाई उम्मीद, 21 हजार आवेदनों का सत्यापन शुरू
पत्नी और दो बेटों का रो-रोकर बुरा हाल: (Agra News)
रामरतन अपने पीछे पत्नी गुड़िया, 11 वर्षीय पुत्र रोहित और नौ वर्षीय पुत्र मोहित को छोड़ गए है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोगों ने भी घटना पर दुख जताते हुए आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही हत्या के कारणों और आरोपियों की भूमिका पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
Agra News: आगरा मेट्रो का बड़ा अपडेट: 90 KM/घंटा की स्पीड से सफल ट्रायल, जल्द मिलेगी नई सुविधा









