---Advertisement---

आगरा ईदगाह में ईद-उल-फितर की नमाज अदा, गले मिलकर दी बधाई; अमन-चैन की मांगी दुआ

Published On: March 21, 2026
Follow Us
आगरा: ईदगाह में ईद की नमाज अदा करते लोग
---Advertisement---

आगरा में शनिवार सुबह ईद-उल-फितर का त्यौहार पूरे धार्मिक उत्साह, उल्लास और भाईचारे के माहौल में मनाया जा रहा है। शहर के प्रमुख ईदगाह, शाही जामा मस्जिद और अन्य मस्जिदों में हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक साथ नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने देश और दुनिया में शांति, अमन चैन और खुशहाली की दुआ मांगी और एक-दूसरे को गले लगाकर ईद मुबारक कहा।

सुबह से ही ईदगाह और मस्जिदों के बाहर नमाजियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। बच्चे, युवा और बुजुर्ग नए कपड़ों में सजे नजर आए। छोटे बच्चों में ईद को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया। कई बच्चे रीति रिवाज के अनुसार कुर्ता पायजामा, टोपी और रंगीन चश्मा पहनकर नमाज पढ़ने पहुंचे। नमाज समाप्त होने के बाद बच्चों ने भी एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी और बड़ों से ईदी ली। पूरे परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला।

ईदगाह में सुबह करीब 7 बजे मुख्य नमाज अदा की गई, जिसमें हजारों लोगों ने भाग लिया। इसके अलावा शहर की अलग-अलग मस्जिदों में अलग समय पर नमाज हुई। शाही जामा मस्जिद में लगभग 8:15 बजे नमाज अदा की गई, जबकि अबू लाला की दरगाह पर करीब 10 बजे नमाज पढ़ी गई। भीड़ अधिक होने के कारण कई लोगों को मस्जिद के बाहर सड़कों और खुले मैदान में नमाज अदा करनी पड़ी, लेकिन श्रद्धा और अनुशासन बना रहा।

ईद-उल-फितर रमजान के पवित्र महीने के समापन का पर्व है। एक महीने तक रोज़ा रखने, इबादत करने और आत्मसंयम के बाद यह दिन खुशियां लेकर आता है। इस अवसर पर लोग अल्लाह का शुक्र अदा करते हैं और गरीबों-जरूरतमंदों की मदद करते हैं। कई स्थानों पर जरूरतमंदों को भोजन, कपड़े और मिठाई बांटते है। समुदाय के लोगों ने बताया कि ईद का संदेश प्रेम, दया, भाईचारा और इंसानियत है।

नमाज के दौरान शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। ईदगाह, शाही जामा मस्जिद और अन्य संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। कई जगहों पर घुड़सवार पुलिस और पैदल गश्त भी की गई। और कई जगह पर ड्रोन से शहर में नजर रखी जा रही है। प्रशासन के अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों ने संतोष व्यक्त किया।

त्योहार के चलते बाजारों में भी जबरदस्त रौनक देखने को मिली। सेवइयों, मिठाइयों, कपड़ों और इत्र की दुकानों पर सुबह से ही भीड़ रही। नमाज के बाद लोग अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के घर पहुंचकर बधाई देने लगे। घरों में कई प्रकार के पकवान बनाए गए, जिनमें मीठी सेवइयां प्रमुख रहीं। बच्चों ने खेल-कूद और पटाखे चलाकर अपनी खुशी जाहिर की।

Agra News: आगरा में अवैध गैस गोदाम पर बड़ी कार्रवाई, 130 सिलेंडर बरामद

Manoj Sharma

मनोज शर्मा एक डिजिटल न्यूज़ राइटर हैं, जो आगरा और उत्तर प्रदेश की ताज़ा खबरें, क्राइम अपडेट्स और स्थानीय मुद्दों पर लिखते हैं। इनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुँचाना है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment