Agra News: आगरा शहर को आधुनिक और सुगम यातायात व्यवस्था देने के उद्देश्य से चल रही सीएम ग्रिड योजना अब स्थानीय लोगों और व्यापारियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनती जा रही है सोमवार को हुई बारिश के बाद कालिंदी विहार और टेडी बगिया से सौ फूटा रोड और आसपास के इलाकों में जलभराव, कीचड़ और टूटी सड़कें लोगों की मुश्किलों को और बढ़ा गई घरों और दुकानों के बाहर पानी भरने से लोगों का निकलना तक मुश्किल हो गया।
बारिश ने बढ़ाई निर्माण कार्य की मुश्किलें
कालिंदी विहार रोड पर सीएम ग्रिड परियोजना के तहत खुलाई और सीवर लाइन बिछाने का काम जारी है। बारिश के कारण खुदाई वाली जगहों पर पानी भर गया और पूरी सड़क दलदल में बदल गई। कई स्थानों पर वाहन फसते नजर आए, जबकि पैदल चलने वालों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। निर्माण कार्य के चलते कई जगह सड़क खोदकर छोड़ दी गई है।
दुकानों के सामने मिट्टी और मलबा जमा होने से व्यापार प्रभावित हो रहा है। कई घरों के सामने बड़े पाइप और खुदाई होने से लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। बारिश के बाद हालात और बिगड़ गए, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि लगातार चल रहे निर्माण कार्य और जलभराव के कारण ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है। कीचड़ और गंदगी के कारण दुकानें प्रभावित हो रही हैं, जिससे कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है।
निर्माण कार्य पर उठे सवाल (Agra News)
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खुदाई के बाद सड़क को समय पर समतल नहीं किया गया। बारिश के बाद मिट्टी धंसने लगी और सड़कें कीचड़ में बदल गईं। कई स्थानों पर पानी की पाइपलाइन और अन्य सुविधाएं भी प्रभावित होने की शिकायत सामने आई है।
प्रशासन से जल्द समाधान की मांग
क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य को तय समय सीमा में पूरा कराया जाए। साथ ही जलभराव की समस्या दूर करने, सड़क को समतल करने और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिल सके। फिलहाल बारिश के बाद सीएम ग्रिड परियोजना के कार्यों की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं और स्थानीय नागरिक जल्द समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
Agra News: आगरा में फर्जी पहचान से दोस्ती बनी मौत की वजह! ब्लैकमेल से परेशान किशोरी ने दी जान




